हाइड एक्ट पर निशिकांत दुबे का राहुल गांधी पर हमला – पूछा, क्या भारत अमेरिका का गुलाम है?

KK Sagar
2 Min Read

गोड्डा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर एक पोस्ट के माध्यम से कांग्रेस और खासतौर पर राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। दुबे ने हाइड एक्ट (Hyde Act) को लेकर कांग्रेस के नेतृत्व पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

उन्होंने लिखा:

“राहुल बाबा इस हाइड एक्ट को पढ़िए। अमेरिका के 2006/2008 तक के इस क़ानून के तहत हम ग़ुलाम हो गए। हमारे भारत के लगभग सभी नागरिक और सामरिक परमाणु संयंत्रों पर अमेरिका जब चाहे निरीक्षण कर सकता है। क्या भारत भी अमेरिका जाकर ऐसा कर सकता है?”

निशिकांत दुबे ने आरोप लगाया कि 2008 में भारत-अमेरिका परमाणु समझौते को लागू करवाने के लिए कांग्रेस ने न केवल दल तोड़े बल्कि सांसदों की खरीद-फरोख्त भी की। उन्होंने लिखा:

“अमेरिका का कौन सा दबाव था कि 2008 में इस कानून को पास कराने के लिए पार्टी तोड़ी गई, पैसे से सांसद ख़रीदे गए?”

उन्होंने सवाल उठाया कि जब भारत एक “सार्वभौम राष्ट्र” है, तो फिर अमेरिकी संसद भारत से जुड़े कानून कैसे बना सकती है?

दुबे ने इस पूरे मामले में राहुल गांधी की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा:

“राहुल बाबा, उस वक़्त आप कांग्रेस के महासचिव थे।”

क्या है हाइड एक्ट?

हाइड एक्ट अमेरिका का एक कानून है, जिसे 2006 में अमेरिकी कांग्रेस ने पारित किया था। इसका उद्देश्य भारत-अमेरिका असैन्य परमाणु सहयोग को अनुमति देना था, लेकिन इसके कई प्रावधान ऐसे थे जो भारत की स्वतंत्र परमाणु नीति पर सवाल खड़े करते हैं।

विपक्षी दलों और कुछ विशेषज्ञों का मानना रहा है कि यह समझौता भारत की सार्वभौमिकता पर समझौता करता है, जबकि कांग्रेस सरकार ने उस समय इसे रणनीतिक साझेदारी का हिस्सा बताया था।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....