नंदा देवी न्यूक्लियर डिवाइस को लेकर निशिकांत दुबे का कांग्रेस पर हमला

KK Sagar
2 Min Read


गोड्डा से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसद निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट साझा करते हुए कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अपने पोस्ट में उन्होंने दावा किया कि भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के कार्यकाल में वर्ष 1964 में और बाद में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यकाल में 1967 और 1969 में अमेरिका की खुफिया एजेंसी CIA के साथ मिलकर चीन की निगरानी के लिए हिमालय के नंदा देवी क्षेत्र में न्यूक्लियर जासूसी उपकरण स्थापित किए गए थे।

निशिकांत दुबे के अनुसार, ये उपकरण वहीं छोड़ दिए गए और इसके बाद अमेरिकी एजेंसियां वापस लौट गईं। उन्होंने अपने पोस्ट में कहा कि उत्तराखंड से लेकर पश्चिम बंगाल तक गंगा किनारे बसे क्षेत्रों में कैंसर के मामलों में बढ़ोतरी, साथ ही हिमालयी क्षेत्रों में ग्लेशियर का पिघलना, बादल फटना और मकानों में दरार जैसी घटनाओं को इस संदर्भ में देखा जाना चाहिए।

लोकसभा में स्वीकारोक्ति का दावा

बीजेपी सांसद ने यह भी कहा कि 1978 में तत्कालीन प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई ने लोकसभा में इस विषय को स्वीकार किया था। इसके साथ ही उन्होंने उल्लेख किया कि अमेरिका के प्रसिद्ध अख़बार न्यूयॉर्क टाइम्स ने भी इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया है।

कांग्रेस पर निशाना

अपने पोस्ट के अंत में निशिकांत दुबे ने इसे गंभीर मुद्दा बताते हुए कहा कि अब समय है देश और बच्चों के भविष्य को बचाने का। इस बयान के जरिए उन्होंने कांग्रेस को सीधे तौर पर कटघरे में खड़ा किया है।

फिलहाल, इस मामले पर कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....