नितिन नवीन और शिवराज सिंह पटना पहुंचे, कुछ ही घंटों में नए सीएम का होगा ऐलान

Neelam
By Neelam
2 Min Read

बिहार में नई सरकार के गठन की कवायद तेज हो गई है। बीजेपी के ऑब्जर्वर व कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और बिहार प्रभारी विनोद तावड़े पटना पहुंच चुके हैं। बीजेपी की बैठक के बाद, एनडीए विधायक दल की बैठक होगी, जिसके बाद नए सीएम के नाम पर मुहर लगेगी।

भाजपा की अहम बैठक में होंगे शामिल

बिहार में सत्ता के नए समीकरणों के बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान पटना पहुंच चुके हैं। एयरपोर्ट पर उपमुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्रियों ने उनका भव्य स्वागत किया। ये दिग्गज नेता भाजपा की अहम बैठक में शामिल होंगे, जहां विधायक दल के नेता का चुनाव किया जाएगा। इस बैठक के बाद य साफ हो जाएगा कि नई सरकार में भाजपा की ओर से नेतृत्व की कमान किसके हाथों में होगी।

सीधे एनडीए विधायक दल की बैठक में शामिल होंगे जेडीयू एमएलए

पटना में जदयू विधायक दल की बैठक दोपहर 2 बजे से एक अणे मार्ग मुख्यमंत्री आवास पर प्रस्तावित थी लेकिन अब बताया जा रहा है कि जेडीयू के विधायक सीधे एनडीए विधायक दल की बैठक में शिरकत करेंगे, जो 4 बजे विधानसभा के सेंट्रल हॉल में होनी है।

मुख्यमंत्री ने लिया कैबिनेट भंग करने का एकमात्र फैसला

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब किसी भी समय इस्तीफा दे सकते हैं, क्योंकि उन्होंने आखिरी कैबिनेट बैठक सिर्फ अलविदा कहने के लिए बुलाई थी। बैठक के फैसलों पर जो प्रेस कांफ्रेंस होता है, उसे रद्द कर दिया गया है। नीतीश कुमार के निकलने के बाद जानकारी सामने आई कि मुख्यमंत्री ने कैबिनेट भंग करने के इकलौते एजेंडे पर मुहर लगाई और मंत्रियों से औपचारिक मुलाकात के बाद निकल गए। उन्होंने बताया कि अब वह कुछ समय बाद लोक भवन जाकर राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपेंगे। 

Share This Article