सीएम पद छोड़ने से पहले एक्टिव हुए नीतीश, कल से निकलेंगे ‘समृद्धि-प्रगति यात्रा’ पर

Neelam
By Neelam
5 Min Read

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक बार फिर अपनी ‘समृद्धि यात्रा’ शुरू करने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रस्तावित ‘समृद्धि यात्रा’ को लेकर राज्य सरकार ने आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। कैबिनेट सचिवालय की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक मुख्यमंत्री 10 मार्च से कई जिलों के दौरे पर निकलेंगे और विकास योजनाओं की समीक्षा के साथ-साथ स्थानीय कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे।

राज्यसभा का रूख करने से पहले समृद्धि यात्रा

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा सांसद बनने जा रहे हैं। ऐसे में अगले मुख्यमंत्री को लेकर कयासबाजी चल रही है। इन सबके बीच, नीतीश कुमार अपनी बहुप्रतीक्षित ‘समृद्धि यात्रा’ को एक बार फिर दोबारा शुरू कर रहे हैं। 16 जनवरी को पश्चिम चंपारण से शुरू हुई इस यात्रा को विधानसभा के बजट सत्र की व्यस्तताओं के चलते बीच में ही रोकना पड़ा था। अब, राज्यसभा जाने की संभावनाओं के बीच मुख्यमंत्री एक बार फिर जनता के बीच जा रहे हैं।

छह जिलों की यात्रा करेंगे सीएम

मुख्यमंत्री अपनी इस यात्रा के दौरान सीमांचल और कोसी क्षेत्र के प्रमुख जिलों मधेपुरा, किशनगंज, अररिया, कटिहार, पूर्णिया, सहरसा के साथ खगड़िया का दौरा करेंगे। सीएम नीतीश कुमार 14 मार्च तक समृद्धि यात्रा पर रहेंगे। 10 मार्च को मुख्यमंत्री सुपौल से अपनी यात्रा की शुरुआत करेंगे। 11 मार्च को वे किशनगंज और अररिया में ‘प्रगति यात्रा’ के तहत विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करेंगे। इसके बाद 12 मार्च को कटिहार और पूर्णिया में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। यात्रा के अंतिम चरण में 13 मार्च को नीतीश कुमार मधेपुरा से सहरसा और खगड़िया के लिए रवाना होंगे। यात्रा के अंतिम चरण में 14 मार्च को मुख्यमंत्री बेगूसराय और शेखपुरा का दौरा करेंगे।

सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की करेंगे समीक्षा

इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य जमीनी स्तर पर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का निरीक्षण करना है और आम लोगों से सीधे संवाद करना। कैबिनेट सचिवालय विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी ने इस संबंध में राज्य के सभी विभागों के प्रमुखों, पुलिस अधिकारियों, जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को पत्र भेजकर आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए हैं। पत्र में कहा गया है कि मुख्यमंत्री की यात्रा के दौरान सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे और अपने-अपने विभागों की योजनाओं की प्रगति की जानकारी देंगे।

राज्य सभा चुनाव के लिए कर चुके हैं नामांकन

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य सभा चुनाव के लिए अपना नामांकन कर दिया है। अपने नामांकन से पहले नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक भावुक संदेश भी साझा किया था। उन्होंने लिखा था कि जब उन्होंने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की थी, तब से उनके मन में यह इच्छा थी कि वे बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों के साथ-साथ संसद के भी दोनों सदनों के सदस्य बनें। उन्होंने लिखा कि इसी इच्छा को पूरा करने के लिए वे इस बार राज्य सभा का चुनाव लड़ रहे हैं और बिहार की नई सरकार को उनका पूरा समर्थन रहेगा।

निशांत कुमार ने ली जेडीयू की सदस्यता

वहीं, दूसरी तरफ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने रविवार को औपचारिक रूप से जेडीयू की सदस्यता ग्रहण कर ली। जेडीयू के कार्यकारी संजय झा ने निशांत कुमार को पार्टी की सदस्यता दिलाई। पटना स्थित जेडीयू कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान निशांत कुमार ने पार्टी में शामिल होने के बाद पहली बार कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि वे अपने पिता के मार्गदर्शन में काम करेंगे और पार्टी को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे। वहीं पार्टी की सदस्यता लेने के बाद निशांत कुमार सीएम हाउस पहुंचे और पिता नीतीश कुमार को मिठाई खिलाकर उनका आशीर्वाद लिया।

Share This Article