बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक बार फिर जनता दल यूनाईटेड (जेडीयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिए गए हैं। नामांकन की आखिरी तारीख रविवार (22 मार्च) को खत्म हो गई, लेकिन नीतीश कुमार के अलावा किसी भी नेता ने इस पद के लिए नामांकन दाखिल नहीं किया। ऐसे में अब चुनाव की जरूरत ही नहीं पड़ेगी और उनका निर्विरोध चुना जाना तय हो गया है।
पार्टी के निर्वाचन अधिकारी अनिल हेगड़े करेंगे औपचारिक ऐलान
दोपहर 2:30 बजे जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यालय में उनके नाम की आधिकारिक घोषणा की जाएगी। जेडीयू पार्टी के निर्वाचन अधिकारी अनिल हेगड़े इस फैसले का औपचारिक ऐलान करेंगे। इस दौरान जेडीयू के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी कार्यालय में मौजूद रहेंगे, जहां संगठनात्मक प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाएगा।
चौथी बार बनेंगे राष्ट्रीय अध्यक्ष
नीतीश कुमार के लिए यह चौथी बार होगा जब वे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालेंगे। इससे पहले वे 2016 में पहली बार इस पद पर आए थे, जब शरद यादव ने अध्यक्ष पद छोड़ा था। इसके बाद 2019 में उन्हें फिर से अध्यक्ष बनाया गया। 2020 में नीतीश कुमार ने खुद ही अध्यक्ष पद छोड़कर आरसीपी सिंह को यह जिम्मेदारी सौंप दी थी। बाद में आरसीपी सिंह के बाद ललन सिंह अध्यक्ष बने। लेकिन दिसंबर 2023 में ललन सिंह के इस्तीफे के बाद एक बार फिर नीतीश कुमार ने पार्टी की कमान संभाल ली और तब से वे ही अध्यक्ष हैं।
19 मार्च को दिल्ली में किया था नामांकन
जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने 19 मार्च को दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद के लिए नीतीश कुमार का नामांकन दाखिल किया था। नामांकन की अंतिम तिथि 22 मार्च थी। नीतीश कुमार के अलावा किसी अन्य ने राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया। इस चुनाव में नामांकन पत्र की जांच 23 मार्च को की गई थी। नाम वापसी की लिए 24 मार्च की तिथि तय थी।

