आज दिल्ली जा रहे नीतीश कुमार, कल लेंगे राज्यसभा की सदस्यता

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार की राजनीति में बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा सदस्य निर्वाचित हुए हैं। हालांकि, नीतीश ने अब तक राज्यसभा सदस्यता की शपथ नहीं ली है। नीतीश कुमार आज दिल्ली चले जाएंगे। इसके बाद शुक्रवार को सीएम नीतीश कुमार राज्यसभा सांसद के पद की शपथ ले लेंगे। इसी के साथ बिहार में नई सरकार के आकार लेने का काउंटडाउन भी शुरू हो जाएगा।

दोपहर 1.30 बजे नीतीश कुमार जाएंगे दिल्ली

नीतीश कुमार दोपहर डेढ़ बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे। नीतीश कुमार कल राज्यसभा में सांसद पद की शपथ लेंगे। संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी ने जानकारी दी है कि नीतीश कुमार आज 9 अप्रैल को दिल्ली के लिए रवाना हो रहे हैं।

पीएम मोदी और शाह से अहम मुलाकात

दिल्ली प्रवास के दौरान उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से महत्वपूर्ण मुलाकात होगी। जिसमें बिहार की नई सरकार की रूपरेखा और आगामी राजनीतिक समीकरणों पर चर्चा की जा सकती है।

पटना लौटने के बाद दे सकते हैं सीएम पद से इस्तीफा

राज्यसभा सदस्य पद की शपथ लेने के बाद नीतीश कुमार के पटना लौटने पर बिहार की राजनीति में बड़े बदलाव के संकेत हैं। जानकारी के अनुसार, पटना वापस आकर वे मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। जिसके बाद राज्य में नई सरकार के गठन की आधिकारिक प्रक्रिया शुरू होगी। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि खरमास की समाप्ति के बाद बिहार को नई सरकार और नया मुख्यमंत्री मिल सकता है।

एनडीए घटक दलों की बैठक में सीएम पर फैसला

11 अप्रैल को मुख्यमंत्री के पटना लौटने के बाद नई सरकार गठन की प्रक्रिया शुरू होगी। एनडीए के घटक दलों की बैठक बुलाई जाएगी। विधायक दल की बैठक में अहम फैसले लिए जाएंगे। सभी की नजरें इस बैठक पर टिकी हुई हैं।

रेस में सम्राट चौधरी सबसे आगे

बात अगर नए सीएम की करें तो रेस में सम्राट चौधरी का नाम सबसे आगे है। हालांकि अभी तक बीजेपी ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं। सभी को इसी बात का इंतजार है कि बिहार के नए मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री कौन-कौन बनाए जाते हैं।

Share This Article