नीतीश कुमार ने खुद किया राज्यसभा जाने का ऐलान, बोले- नई सरकार बनेगी उसको मेरा सहयोग

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार के मौजूदा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा जा रहे हैं। नीतीश ने खुद कन्फर्म किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। अपने संदेश में उन्होंने जनता के विश्वास और समर्थन के लिए आभार जताते हुए कहा कि वे इस बार राज्यसभा चुनाव में उम्मीदवार बनना चाहते हैं।

नीतीश कुमार ने ट्वीट कर दी जानकारी

नीतीश कुमार ने ट्वीट कर कहा, “पिछले दो दशक से भी अधिक समय से आपने अपना विश्वास एवं समर्थन मेरे साथ लगातार बनाए रखा है, तथा उसी के बल पर हमने बिहार की और आप सब लोगों की पूरी निष्ठा से सेवा की है। आपके विश्वास और समर्थन की ही ताकत थी कि बिहार आज विकास और सम्मान का नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है। इसके लिए पूर्व में भी मैंने आपके प्रति कई बार आभार व्यक्त किया है।”

राज्यसभा का सदस्य बनने की जताई इच्छा

सीएम नीतीश ने आगे कहा, “संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूं। इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूं।”

विकसित बिहार बनाने का संकल्प पूर्ववत कायम रहेगा-नीतीश

उन्होंने आगे लिखा है, “मैं आपको पूरी ईमानदारी से विश्वास दिलाना चाहता हूं कि आपके साथ मेरा यह संबंध भविष्य में भी बना रहेगा एवं आपके साथ मिलकर एक विकसित बिहार बनाने का संकल्प पूर्ववत कायम रहेगा। जो नई सरकार बनेगी उसको मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा।”

सीएम के तौर पर जल्द समाप्त होगा कार्यकाल

जदयू प्रमुख नीतीश कुमार ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की घोषणा के साथ बिहार के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री के तौर पर उनका कार्यकाल समाप्त हो जाएगा। जेडीयू की ओर से राज्यसभा की दो सीटों के लिए नीतीश कुमार और रामनाथ ठाकुर के नाम से एनआर (नजारत रसीद) भी कट गया है। उम्मीद है कि 1-2 बजे के बीच में नॉमिनेशन होगा।

Share This Article