बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए निर्वाचित हो चुके हैं। जल्द ही नीतीश कुमार बिहार की राजनीति छोड़कर दिल्ली का रूख करेंगे। राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद नीतीश बिहार विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे चुके हैं। अब उनके राज्यसभा की शपद लेने का इंतजार है। इस बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने स्पष्ट किया है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आगामी कब राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ लेंगे। साथ ही बिहार के नए मुखिया को लेकर भी बयान दिया।
10 अप्रैल को नीतीश कुमार राज्यसभा की शपथ लेंगे
बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने नीतीश की शपथ ग्रहण की तारीख बताई। संजय सरावगी ने कहा कि 10 तारीख को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ लेंगे। उनके शपथ लेने के बाद भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व, एनडीए, मुख्यमंत्री सब मिलकर फैसला लेंगे।’ ऐसे में माना जा रहा है कि बिहार में अगले मुख्यमंत्री पर भी जल्द फैसला हो सकता है।
दिल्ली में मुलाकातों का दौर
बताया जा रहा है कि राज्यसभा में शपथ ग्रहण के बाद 11 और 12 अप्रैल को नीतीश कुमार के दिल्ली में रहने की संभावना है। इस दौरान वे केंद्र सरकार के मंत्रियों और विभिन्न दलों के प्रमुख नेताओं से शिष्टाचार मुलाकात कर सकते हैं। इन मुलाकातों को उनकी विदाई और नई भूमिका की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है। दिल्ली के इस दौरे के बाद वे पटना लौटेंगे और मुख्यमंत्री पद से अपना त्यागपत्र सौंप सकते हैं।
विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा
75 वर्षीय नीतीश कुमार ने पिछले महीने राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद हाल ही में बिहार विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। यह इस्तीफा उनके संसदीय सफर के अगले बड़े पड़ाव का संकेत है।
भावुक संदेश के साथ राज्यसभा जाने की घोषणा
नीतीश कुमार ने 5 मार्च को एक भावुक संदेश जारी कर अपने इस फैसले की घोषणा की थी। उन्होंने अपनी इच्छा व्यक्त की थी कि वे बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों के साथ-साथ संसद के दोनों सदनों के सदस्य के रूप में सेवा करना चाहते थे, जो अब पूरा होने जा रहा है। उन्होंने ‘विकसित बिहार’ के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और आने वाली नई सरकार को अपना “सहयोग और मार्गदर्शन” देने का वादा किया।

