जमुई। रंगों के महापर्व होली को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी नवीन (भा.प्र.से.) और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल (भा.पु.से.) के नेतृत्व में शहर में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि होली के नाम पर किसी भी प्रकार की हुड़दंग या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण त्योहार मनाने की अपील
फ्लैग मार्च जमुई स्टेडियम से शुरू होकर कचहरी चौक, थाना मोड़, पुरानी बाजार, नीमा भछियार और नीमारंग तक निकाला गया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और आम लोगों से शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की।
खलल डालने वाले उपद्रवियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि त्योहार में खलल डालने वाले उपद्रवियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अफवाहों से दूर रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को देने का आग्रह किया।
संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूरे जिले में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा सादे लिबास में भी पुलिसकर्मी तैनात हैं। शराब तस्करी, असामाजिक तत्वों और सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचना फैलाने वालों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई गई है।

