कुख्यात चंदन सिंह ने शहाबुद्दीन के बेटे विधायक ओसामा शहाब पर लगाया हत्या का आरोप, एफआईआर दर्ज

Neelam
By Neelam
5 Min Read

बिहार के सीवान के एमएच नगर हसनपुरा थाना क्षेत्र के सिमरी गांव के पास रविवार देर शाम ऑटो और स्कॉर्पियो के बीच साइड लेने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। अब उस घटना ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है।

कुख्यात चंदन सिंह और ऑटो चालक झड़प में तीन FIR

कुख्यात चंदन सिंह और ऑटो चालक के बीच हुई रविवार को हिंसक झड़प के बाद, चंदन सिंह ने राजद विधायक ओसामा शहाब और पूर्व सांसद शहाबुद्दीन के करीबी डब्लू खान पर अपनी हत्या की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है। इस पूरे प्रकरण में अब तक पुलिस और दोनों पक्षों की ओर से कुल तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं। इसमें एक एफआईआर राजद विधायक ओसामा शहाब के खिलाफ की दर्ज कराई गई है।

ऐसे शुरू हुआ विवाद

दरअसल तीन स्कॉर्पियो के साथ एमएच नगर थाने के डिब्बी निवासी कुख्यात चंदन सिंह एक कार्यक्रम से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सिमरी गांव के पास बैट्री ऑटो चालक ऐनुल हक से साइड लेने को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और ऑटो चालक के समर्थन में स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। चंदन सिंह के मौके पर मौजूद होने की खबर फैलते ही स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। उग्र ग्रामीणों ने स्कॉर्पियो वाहनों पर हमला कर उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया।

उग्र भीड़ का पुलिस टीम पर भी पथराव

घटना की सूचना मिलते ही एमएच नगर थाने की दारोगा मधुरिमा मनीषा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान उग्र भीड़ ने पुलिस टीम पर भी पथराव कर दिया, जिसमें होमगार्ड जवान कमलेश प्रसाद घायल हो गए। स्थिति बिगड़ते देख आसपास के कई थानों की पुलिस को बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने हालात पर काबू पाया और स्कॉर्पियो सवार लोगों को सुरक्षित थाने ले जाया गया।

ऑटो चालक ने चंदन सिंह पर फायरिंग का लगाया आरोप

ऑटो चालक ऐनुल हक ने थाने में दिए आवेदन में चंदन सिंह और उनके साथियों पर मारपीट और जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने का आरोप लगाया है। अपने आवेदन में ऐनुल हक ने कहा है कि वह हसनपुरा से जलालपुर जा रहा था। इसी बीच साइड लेने के विवाद में तीन स्कॉर्पियो पर सवाल लोगों ने आगे से रास्ता घेर लिया और मारपीट करने लगे। इसमें चंदन के अलावे सूरज कुमार, मनीष कुमार, रवि कुमार सिंह, विकास कुमार और तरुण कुमार सिंह को आरोपित किया गया है।

राजद विधायक पर हत्या की साजिश का लगा आरोप

वहीं, चंदन सिंह ने भी इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई है। चंदन सिंह ने इस मामले में शेखपुरा निवासी डब्लू खान और राजद विधायक ओसामा शहाब पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। अपने आवेदन में उन्होंने कहा कि पूर्व विवाद को लेकर पहले से ही उनकी हत्या की योजना बनाई गई थी और उन्हें घेरकर हमला करने की कोशिश की गई, जिसमें वे बाल-बाल बच गए। उन्होंने यह भी बताया कि इस घटना में उनकी तीनों स्कॉर्पियो गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं।

तीसरी एफआईआर पुलिस ने दर्ज की

तीसरी एफआईआर पुलिस ने दर्ज की है। घटना के दौरान पुलिस पर हुए हमले को लेकर दारोगा मधुरिमा मनीषा के बयान पर तीसरी प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है। अब तक इस मामले में छह लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है। एसपी पूरन कुमार झा ने बताया कि दोनों पक्षों द्वारा एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। साथ ही पुलिस पर पथराव की घटना को लेकर अलग से मामला दर्ज किया गया है।

Share This Article