गणेश पूजा कार्यक्रम में फायरिंग करने वाला कुख्यात अपराधी गिरफ्तार, पिस्तौल और कारतूस बरामद

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र में गणेश पूजा कार्यक्रम के दौरान हुई फायरिंग के मुख्य आरोपी राहुल राय को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से एक पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। यह गिरफ्तारी सरायकेला-खरसावां जिले के तामुलिया रोड स्थित ब्रह्मानंद अस्पताल के पास से हुई।

क्या था मामला?

यह घटना 26 अगस्त, 2025 को हुई थी। साकची के तामरिया रोड में राज क्लब समिति द्वारा आयोजित गणेश पूजा कार्यक्रम में ऑर्केस्ट्रा चल रहा था। इसी दौरान, महिला डांसरों पर पैसे लुटाने को लेकर राहुल राय और सूरज तिवारी के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि राहुल राय ने सूरज तिवारी पर जान से मारने की नियत से फायरिंग कर दी। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी।

गिरफ्तारी और आपराधिक इतिहास

फायरिंग की घटना के बाद से ही पुलिस राहुल राय की तलाश कर रही थी। आरोपी सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर का रहने वाला है। इससे पहले, पुलिस ने इस मामले में उसके एक सहयोगी को भी गिरफ्तार किया था।

सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि राहुल राय एक कुख्यात अपराधी है और उसका पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उस पर पहले से ही हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी और हथियार अधिनियम जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

Share This Article