पटना के मसौढ़ी में पुलिस-अपराधियों मुठभेड़ में जख्मी हुआ कुख्यात हैदर, इलाज के दौरान हुई मौत

Neelam
By Neelam
3 Min Read

मसौढ़ी में पुलिस-बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में घायल अपराधी की पटना के पारस अस्पताल में मौत हो गई है। मृतक कुख्यात बदमाश की पहचान हैदर के रूप में हुई। पटना सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार ने इसकी पुष्टि की है।

मुठभेड़ में कुख्यात हैदर को लगी थी गोली

पटना के मसौढ़ी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। उस समय बताया गया कि इसमें केवल दो पुलिस अधिकारी घायल हुए थे। लेकिन अब जो जानकारी सामने आई है, उसके मुताबिक पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मोहम्मद हैदर नाम के एक कुख्यात अपराधी भी गोली लगी थी। हैदर गंभीर रूप से घायल हुआ था। उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई है। 

थानेदार समेत दो पुलिसकर्मी घायल

यह पूरी घटना मसौढ़ी मणिचक के पास की बताई जा रही है। मणिचक तालाब में युवक के अपहरण की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। इस बीच पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें प्रभारी थानाध्यक्ष राहुल कुमार और एक अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत खतरे से बाहर है

जवाबी कार्रवाई में जख्मी बदमाश कीमौत

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के गोली लग गई थी जिससे वह घायल हो गया था। पुलिस ने बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां उसने दम तोड़ दिया है। वहीं, पुलिस ने उसके द्वारा अगवा किए गए युवक को सकुशल मुक्त करा लिया है।

पटना पुलिस ने क्या कहा?

पटना के पुलिस अधीक्षक पूर्वी (एसपी) परिचय कुमार ने बताया कि शुक्रवार की शाम करीब 7:30 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी एक युवक का अपहरण कर उसकी हत्या की साजिश रच रहे हैं। सूचना मिलते ही अतिरिक्त थानेदार राहुल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस का कहना है घटना में शामिल अन्य सभी अपराधियों की पहचान कर ली है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए इलाके में लगातार छापेमारी की जा रही है। 

Share This Article