डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: लौहनगरी के मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। एमजीएम अस्पताल के बुनियादी ढांचे में बड़ा सुधार करते हुए अब यहां कैंसर के मरीजों के लिए विशेष वार्ड की सुविधा शुरू होने जा रही है। अस्पताल के सातवें तल्ले पर 10 बेड का नया कैंसर वार्ड खोलने की तैयारी अंतिम चरण में है।
अब नहीं जाना होगा रांची या बाहर
अक्सर कैंसर के मरीजों को बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स या दूसरे राज्यों के बड़े अस्पतालों का रुख करना पड़ता था। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार ने बताया कि वार्ड के लिए जगह का चयन कर लिया गया है। उपकरणों की खरीदारी के साथ-साथ डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की नियुक्ति की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। जल्द ही स्थानीय स्तर पर ही मरीजों को इलाज मिल सकेगा।
अस्पताल की व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए कड़े निर्देश
प्राचार्य डॉ. संजय कुमार और अधीक्षक डॉ. बलराम झा के बीच हुई उच्च स्तरीय बैठक में अस्पताल की कार्यप्रणाली को सुधारने के लिए कई कड़े फैसले लिए गए हैं।
सफाई पर जोर: अस्पताल के सफाई कर्मियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि लेबर रूम (प्रसव केंद्र) और इमरजेंसी वार्ड की हर दो घंटे में सफाई अनिवार्य रूप से की जाए।
ड्रेस कोड अनिवार्य: अब अस्पताल के सभी डॉक्टरों, नर्सों और कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान निर्धारित ड्रेस में रहना होगा। ड्रेस में न होने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्राचार्य ने स्पष्ट किया कि बिना यूनिफॉर्म के स्टाफ की पहचान करने में मरीजों को दिक्कत होती है।
इमरजेंसी में भीड़ पर नियंत्रण: सुरक्षा में तैनात होमगार्ड के जवानों को निर्देश दिया गया है कि इमरजेंसी वार्ड में एक मरीज के साथ केवल एक ही तीमारदार को अंदर जाने की अनुमति दी जाए। बाकी परिजनों को मरीज के भर्ती होने के बाद ही अंदर जाने दिया जाएगा।

