अब नहीं चलेगा कब्जे का खेल : धनबाद नगर निगम ने दी अंतिम चेतावनी, होगी सख्त कार्रवाई

KK Sagar
2 Min Read

धनबाद नगर निगम ने शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को नगर निगम ने रणधीर वर्मा चौक से लेकर आईएसएम गेट तक के तमाम दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी जारी की। निगम की ओर से कहा गया है कि जिन दुकानों में अवैध छज्जे निकाले गए हैं या अवैध रूप से दुकान का संचालन हो रहा है, वे इसे तुरंत हटा लें।

नगर आयुक्त के निर्देश पर नोटिस जारी करते हुए कहा गया कि कई बार सूचना देने के बावजूद व्यापारी अतिक्रमण नहीं हटा रहे हैं। अब निगम खुद कार्रवाई करेगा। निगम ने स्पष्ट किया है कि यदि मंगलवार सुबह तक अवैध निर्माण नहीं हटाया गया तो विशेष टीम के साथ निगम खुद छज्जे और अवैध दुकानों को ध्वस्त कर देगा।

व्यापारियों में हड़कंप

नगर निगम की इस सख्ती के बाद स्थानीय व्यापारियों में हड़कंप मच गया है। कई दुकानदारों ने खुद से अपने छज्जे हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं कुछ व्यापारियों ने नगर निगम से मोहलत की मांग की है।

अतिक्रमण हटाने के लिए चलेगा विशेष अभियान

नगर निगम अधिकारियों ने कहा है कि अब किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाना हमारी प्राथमिकता है। मंगलवार को निगम की विशेष टीम मौके पर जाकर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाएगी।

नगर निगम ने सभी दुकानदारों से अपील की है कि वे स्वयं अवैध निर्माण हटा लें, ताकि जबरन कार्रवाई की नौबत न आए।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....