IIT (ISM) पोस्ट ऑफिस का हुआ भव्य उद्घाटन, युवाओं के लिए नई पहल
धनबाद। बदलते समय के साथ डाक सेवाओं को आधुनिक रूप देते हुए आज IIT (ISM) धनबाद परिसर स्थित पोस्ट ऑफिस को ‘Next Gen Post Office’ के रूप में विकसित कर भव्य उद्घाटन किया गया। यह पहल अब डाकघर को सिर्फ पारंपरिक सेवाओं तक सीमित नहीं रखेगी, बल्कि इसे युवाओं के लिए एक “Youth Hub” के रूप में भी स्थापित करेगी।
सोमवार, 30 मार्च 2026 को आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि निदेशक प्रोफेसर सुकुमार मिश्रा ने उद्घाटन किया। उन्होंने इस पहल को भविष्य की जरूरत बताते हुए कहा कि डिजिटल युग में डाक सेवाओं का यह नया स्वरूप युवाओं को आकर्षित करेगा और उन्हें विभिन्न सेवाओं से जोड़ेगा।
इस Next Gen Post Office में फ्री WiFi, कैफे सुविधा और बुकिंग कियोस्क जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे यह स्थान छात्रों और युवाओं के लिए उपयोगी और आकर्षक बन सके।
कार्यक्रम में वरीय डाक अधीक्षक रूपक कुमार सिन्हा, उप डाक अधीक्षक कुमार अनूप तथा सहायक डाक अधीक्षक रितेश कुमार सिन्हा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
वरीय डाक अधीक्षक ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं को डाक सेवाओं से जोड़ना और उन्हें एक आधुनिक प्लेटफॉर्म प्रदान करना है। वहीं, उपस्थित युवाओं ने इसे एक बेहतरीन और आधुनिक पहल बताते हुए कहा कि इससे उनकी जरूरतों के अनुरूप सुविधाएं एक ही स्थान पर मिल सकेंगी।
इस नई शुरुआत के साथ डाकघर अब केवल चिट्ठियों और पार्सल तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि डिजिटल और सामाजिक गतिविधियों का एक नया केंद्र बनकर उभरेगा।

