मिरर मीडिया : फिर एक चक्रवाती तूफान गुलाब बंगाल की खाड़ी में मंडरा रहा हैं। इस तूफ़ान के मद्देनज़र भारत मौसम विज्ञान विभाग ने चेतावनी दी है कि बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का बन रहा हैं जो शनिवार को एक गहरे दबाव के रूप में तेज हुआ और रविवार शाम तक चक्रवात में बदल सकता है। IMD के मुताबिक चक्रवात गुलाब अगले 12 घंटों में उत्तर आंध्र प्रदेश और उससे सटे दक्षिण ओडिशा को पार कर सकता है। वहीं क्षेत्र में हवा की गति 70 से 80 किमी प्रति घंटे से 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने कलिंगपट्टनम – विशाखापत्तनम और गोपालपुर के आसपास के क्षेत्र के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं अगले 24 घंटों के दौरान चक्रवात के शुरू में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर और पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है। अगले तीन दिनों के दौरान, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों में समुद्र की स्थिति खराब होगी।
मौसम की स्थिति देखते हुए कम दबाव वाले क्षेत्र के मछुआरों को सतर्क कर दिया है। उन्हें 25 सितंबर से अगली सूचना तक गहरे समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। IMD ने 26 सितंबर को तटीय आंध्र प्रदेश और अगले दो दिनों में ओडिशा और छत्तीसगढ़ में मूसलाधार बारिश के कारण सड़कों पर स्थानीय बाढ़, निचले इलाकों में जलभराव की भविष्यवाणी की है।