डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : भूमि विवाद से संबंधित मामलों के तुरंत निष्पादन व आमजन को स्थानीय स्तर पर समाधान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुरुवार को अंचल क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न थाना परिसरों में अंचल सह थाना दिवस का आयोजन किया गया। आयोजित शिविर में भूमि विवाद से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई। इस दौरान कुल 18 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 12 मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया। शेष प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान राजस्व व पुलिस पदाधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित पक्षों की समस्याएं सुनी गई और आपसी समन्वय के माध्यम से विवादों के समाधान का प्रयास किया गया। जिला प्रशासन द्वारा आयोजित अंचल सह थाना दिवस का उद्देश्य भूमि विवादों का त्वरित, पारदर्शी व स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि अनावश्यक मुकदमेबाजी व विवाद की स्थिति को कम किया जा सके। आमजनों से अपील है कि भूमि संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए इस तरह के शिविरों का लाभ उठाएं।

