हेमंत सरकार के 3 वर्ष पूरा होने पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम से जमशेदपुर से जुड़े स्वास्थ्य मंत्री, उपायुक्त व जिला पदाधिकारी, राज्यवासियों को कई योजनाओं की सौगात

Manju
By Manju
5 Min Read

जमशेदपुर : झारखंड में वर्तमान सरकार के तीन वर्ष पूरा होने के असवर पर राज्यस्तरीय कार्यक्रम प्रोजेक्ट भवन धुर्वा में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया जिसमें स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, उपायुक्त विजया जाधव, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर नन्दकिशोर लाल, निदेशक डीआरडीए सौरभ सिन्हा, अपर उपायुक्त जयदीप तिग्गा समेत जिला प्रशासन के सभी वरीय व विभागीय पदाधिकारी जमशेदपुर स्थित समाहरणालय सभागार से ऑनलाइन जुड़े। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री के हाथों सांकेतिक रूप से 5 बालिकाओं को सावित्री बाई फुले समृद्धि योजना की स्वीकृति आदेश, 5 बालिकाओं को प्री मैट्रिक छात्रवृत्ति का लाभ दिया गया।

स्वास्थ्य मंत्री ने मुख्यमंत्री से अपने संवाद में जिला प्रशासन के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उपायुक्त के कुशल नेतृत्व में जिले में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। वहीं अपराध में भी कमी आई है। उन्होने कहा कि जिले में 29 हजार बालिकाओं को सावित्री बाई फुले समृद्धि योजना का लाभ दिया जा चुका है, प्री मैट्रिक छात्रवृत्ति के 1 लाख 10 हजार बच्चों को लाभ अब तक मिल चुका है। वहीं 1 लाख 78 हजार 607 लोगों को सर्वजन पेंशन योजना से जोड़ा गया है। उन्होने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उस कैबिनेट का हिस्सा हूं जिसने पिछले एक साल में लोगों के हित में कई अप्रत्याशित फैसले लिए हैं। विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है तथा राज्य के सम्पूर्ण विकास को लेकर वर्तमान सरकार कृतसंकल्पित है।

राज्य स्तरीय कार्यक्रम के अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सरकार के 3 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इस दौरान हमने कई उतार-चढ़ाव देखे। कोरोना जैसी वैश्विक महामारी से हमारा सामना हुआ। इस दौरान देश- दुनिया की तमाम व्यवस्थाएं ठप्प सी हो गई। झारखंड भी इससे अछूता नहीं रहा। लेकिन, हमारी सरकार ने इसे एक चुनौती के रूप में स्वीकार किया। हमने हार नहीं मानी और इस आपदा को अवसर के रूप में लिया। इसी का नतीजा रहा कि आप सभी के सहयोग से इस महामारी से निपटने में कामयाब हुए। इसके बाद विकास की गति को तेज करने की संकल्पना के साथ कई योजनाओं को शुरू किया, जिसका लाभ आज राज्य के कोने -कोने में रहने वाले लोगों को मिल रहा है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज वर्तमान राज्य सरकार के 3 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में झारखंड मंत्रालय सभागार में आयोजित मुख्य समारोह को संबोधित करते हुए ये बातें कही। उन्होंने कहा कि सरकार जिस सोच और उद्देश्य के साथ काम कर रही है, उससे यहां के लोग भी आगे बढ़ेंगे और राज्य भी आगे बढ़ेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे राज्य में काफी क्षमताएं हैं। यहां खनिज समेत वैसे सभी संसाधन मौजूद हैं , जो राज्य को विकास के मार्ग पर आगे ले जा सकते हैं। लेकिन, पिछले 20 वर्षों में किन्ही न किन्ही वजहों से राज्य में विकास का माहौल नहीं बन सका। हमारी सरकार अब विकास को नई दिशा देने के काम में जुट गई है । इसके लिए वातावरण तैयार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार समेत सभी क्षेत्रों में विकास के कार्य हो रहे हैं। किसानों, मजदूरों, सरकारी कर्मियों, बुजुर्गों, महिलाओं, नौजवानों सहित हर वर्ग और तबके के लिए योजनाएं चला रहे हैं। हमारी सरकार ने लक्ष्य तय कर रखा है और उसी के अनुरूप कार्यों को अंजाम दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि आज पूरे राज्य के लिए हर्ष उल्लास और उत्साह का दिन है। सरकार के 3 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर कई योजनाओं और पोर्टल का शुभारंभ हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड अलग राज्य बनने के बाद पिछले 20 वर्षों में किसी भी सरकार को ऐसी चुनौतियों का सामना नहीं करना पड़ा, जैसा कि हमारी सरकार के गठन के महज कुछ ही महीनों के बाद कोरोना जैसी महामारी ने पूरे विश्व को अपनी चपेट में ले लिया। 2 वर्षों तक कोरोना से हम जंग लड़ते रहे। इस दौरान हमारी सरकार ने बेहतर प्रबंधन के जरिए न सिर्फ जीविका को बचाया, बल्कि जीविकोपार्जन के भी साधन लोगों को उपलब्ध कराए। आज विकास को तेज करने का कार्य पूरी क्षमता और ताकत के साथ सरकार कर रही है। लेकिन, यह शुरुआत है। अभी हमें आगे लम्बा सफर तय करना है। झारखंड को विकसित और समृद्ध राज्य बनाना है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *