डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: राजनीति और लोकतंत्र की बारीकियों को किताबी पन्नों से बाहर निकलकर समझने के लिए पोटका की बेटियों को एक सुनहरा अवसर मिला। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय पोटका की 31 छात्राओं ने झारखंड विधानसभा का शैक्षणिक भ्रमण किया। यह पूरी पहल स्थानीय विधायक संजीव सरदार की ओर से की गई, जिन्होंने छात्राओं के पिकनिक के अनुरोध को एक यादगार ‘ज्ञान यात्रा’ में बदल दिया।
वादा जो निभाया: पिकनिक की जगह मिला ज्ञान का उपहार
अक्सर छात्र पिकनिक की मांग करते हैं, लेकिन पोटका विधायक संजीव सरदार ने एक अलग सोच पेश की। विद्यालय के एक कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने उनसे पिकनिक पर ले जाने का आग्रह किया था। उस वक्त विधायक ने वादा किया था कि वे उन्हें पिकनिक से बेहतर किसी शैक्षणिक यात्रा पर ले जाएंगे। इसी वादे को पूरा करते हुए उन्होंने बाल संसद की इन सदस्यों के लिए विधानसभा भ्रमण का आयोजन किया।
तीन घंटे तक देखी सदन की कार्यवाही
विधानसभा परिसर पहुंचीं छात्राओं ने करीब तीन घंटे तक सदन की कार्यवाही को करीब से देखा। उन्होंने देखा कि किस तरह जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि जनहित के मुद्दों को उठाते हैं, उन पर बहस होती है और कानून बनाए जाते हैं। वहीं भ्रमण पर आई छात्राओं ने कहा कि विधानसभा की कार्यवाही को अपनी आंखों के सामने देखना हमारे लिए किसी सपने जैसा था। हमें समझ आया कि लोकतंत्र असल में कैसे काम करता है।
स्पीकर रबिन्द्रनाथ महतो ने दिया ‘सफलता का मंत्र’
भ्रमण के बाद छात्राओं के लिए सबसे यादगार पल तब आया, जब विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर) रबिन्द्रनाथ महतो ने उन्हें अपने कक्ष में आमंत्रित किया। स्पीकर ने छात्राओं से उनके अनुभव पूछे और उन्हें बताया कि एक जागरूक नागरिक की क्या जिम्मेदारियां होती हैं। लोकतंत्र की गरिमा को कैसे बनाए रखा जाता है। देश के विकास में युवाओं और खासकर शिक्षित बेटियों की क्या भूमिका है।
भविष्य के जागरूक नागरिक तैयार करना लक्ष्य
विधायक संजीव सरदार ने इस पहल पर खुशी जताते हुए कहा कि विद्यार्थियों को शासन व्यवस्था से जोड़ना जरूरी है। इससे न केवल उनका आत्मविश्वास बढ़ता है, बल्कि वे भविष्य के जिम्मेदार नागरिक भी बनते हैं। इस दौरान विद्यालय की शिक्षिकाएं ज्योति सागर और शुचिता कुमारी भी छात्राओं के साथ मौजूद रही।

