डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सालडीह बस्ती शुक्रवार की सुबह किसी युद्ध के मैदान में तब्दील हो गई। करीब 20-25 की संख्या में आए हथियारबंद अपराधियों ने न केवल कानून की धज्जियां उड़ाई, बल्कि बस्ती में सरेआम फायरिंग और चापड़ से हमला कर पुलिस के इकबाल को खुली चुनौती दे डाली।
खौफ का वो मंजर: सीसीटीवी में कैद हुई गुंडागर्दी
सुबह के 11:30 बजे जब सामान्य जनजीवन अपनी रफ्तार में था, तभी हथियारों से लैस अपराधियों का एक झुंड बस्ती में दाखिल हुआ। अपराधी हवाई फायरिंग और धारदार हथियारों (चापड़ व फरसे) के बल पर लोगों को डराने की कोशिश करने लगे। हालांकि अपराधियों का यह तांडव उस समय उल्टा पड़ गया जब बस्ती वालों ने डरने के बजाय एकजुटता दिखाई। ग्रामीणों की ओर से हुई जवाबी पत्थरबाजी ने अपराधियों के पैर उखाड़ दिए और वे भागने पर मजबूर हो गए।
नामजद आरोपी: इलाके के कुख्यात चेहरे
घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर ली गई है, जिनमें मुख्य रूप से आलोक और छोटू महतो, गोविंदा, प्रेम बच्चा और चंदन बच्चा, सुदेश लंबू, सागर महतो और पवन महतो, राजू कुमार, रवि नायक और शुभम महंती का नाम सामने आया है। स्थानीय लोगों के अनुसार यह गैंग नशे का आदी है और वर्चस्व कायम करने के लिए अक्सर रंगदारी और जान से मारने की धमकियां देता रहता है।
पुलिस पर फूटा गुस्सा: गुरुवार को चेतते तो शुक्रवार को यह न होता
बस्ती वासियों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि इन्हीं अपराधियों ने गुरुवार को भी एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला किया था, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ा हुआ है कि वे दिनदहाड़े भीड़भाड़ वाले इलाके में फायरिंग कर रहे हैं।
आक्रोशित ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर इन नशेडि़यों और गुंडों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।

