पश्चिमी सिंहभूम में सुरक्षाबलों का ‘ऑपरेशन प्रहार’: दो माओवादी गिरफ्तार, इंसास रायफल समेत हथियारों का जखीरा बरामद

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क/ जमशेदपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिले में झारखंड पुलिस, कोबरा, सीआरपीएफ और झारखंड जगुआर की संयुक्त टीम ने नक्सल विरोधी अभियान में माओवादियों के मंसूबों पर करारा प्रहार किया है। सुरक्षा बलों ने सारंडा से दो सक्रिय माओवादी दस्ता सदस्यों को धर दबोचा, जबकि जेटेया के घने जंगल से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद का डंप बरामद किया।

पुलिया उड़ाने वाले दो माओवादी गिरफ्तार

यह कार्रवाई 9-10 अक्टूबर की रात छोटानागरा थाना क्षेत्र के रातामाटी में पुलिया को आईईडी से क्षतिग्रस्त करने की घटना (कांड संख्या 21/2025) से जुड़ी है। पुलिस ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर भाकपा (माओवादी) के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, असीम मंडल आदि के साथ सक्रिय दो माओवादी दस्ता सदस्यों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार माओवादियों की पहचान बंदगांव थाना क्षेत्र के सिंकल गांव निवासी 19 वर्षीय अलब्रेट लोमगा और 20 वर्षीय विकास लोमगा के रूप में हुई है। इनके पास से 22 बैटरी और 200 मीटर बिजली का तार बरामद हुआ।

जेटेया जंगल से हथियारों का बड़ा डंप मिला

एक अन्य बड़ी सफलता में, 17 अक्टूबर को मिली गुप्त सूचना के आधार पर जेटेया थाना क्षेत्र के बुरूबोरता जंगल में सर्च अभियान चलाया गया। बम निरोधक दस्ते ने यहां से माओवादी डंप को खोज निकाला, जिसमें सुरक्षा बलों पर हमले के लिए छिपाए गए भारी हथियार और विस्फोटक सामग्री मौजूद थी।

बरामदगी का विवरण:

  • हथियार: 1 इंसास रायफल, 198 (5.56 mm), 112 (7.62 mm), 134 (303) और 15 ब्लैक गोलियां।
  • मैगजीन: इंसास की 4, एसएलआर की 2, 303 रायफल की 2 मैगजीन और 9 चार्जर।
  • विस्फोटक सामग्री: 2 सिलिंग और 12 सिरिंज।
  • अन्य सामग्री: पीटू बैग, कंबल, पाउच, नोटबुक, किताबें और माओवादी पर्चे।

पुलिस अधीक्षक का संदेश: आत्मसमर्पण ही रास्ता

पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने बताया कि माओवादी संगठनों के खिलाफ अभियान तेज है। उन्होंने इस साल की सफलताएं गिनाते हुए बताया कि अब तक 32 नक्सली ढेर, 266 गिरफ्तार और 30 ने सरेंडर किया है। एसपी ने नक्सलियों से हिंसा का रास्ता छोड़कर सरकार की पुनर्वास नीति का लाभ लेने और आत्मसमर्पण करने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति बहाल होने तक सुरक्षा बलों का यह अभियान जारी रहेगा।

Share This Article