डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: राजधानी रांची और इसके आसपास के जिलों में मंगलवार को जहां दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही, वहीं शाम होते-होते तेज बारिश ने गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत दी। लेकिन इस बारिश ने नगर निगम की सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी। शहर की अधिकतर सड़कों पर नालों का गंदा पानी बहने लगा, जिससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया और लोगों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
तेज हवा और गरज-चमक के साथ बदला मौसम का मिजाज
मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ, साइक्लोनिक सर्कुलेशन और बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के कारण झारखंड में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि आने वाले तीन दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहेंगे, वहीं कहीं-कहीं गरज-चमक और ओलावृष्टि की भी संभावना है।
18 अप्रैल तक यलो और ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने राज्य में 18 अप्रैल तक यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। खासकर शाम और रात के समय लोगों को घरों में रहने और मेघगर्जन के दौरान सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की सलाह दी गई है।
यह भी देखें :
बरवाअड्डा:अवैध तरीके से पेड़ कटाई मामले में DFO ने दर्ज की प्राथमिकी,ग्रामीणों ने जमकर काटा था बवाल
बारिश से बढ़ी ठंड, प्रभावित हुईं फसलें
रुक-रुककर हो रही वर्षा के चलते मौसम में ठंडक बढ़ गई है, जिससे एक ओर जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं दूसरी ओर किसानों की चिंताएं भी बढ़ गई हैं। कई ग्रामीण क्षेत्रों में खड़ी फसलें तेज बारिश और ओलावृष्टि के कारण प्रभावित हुई हैं।
इन जिलों में हो सकती है हल्की से मध्यम बारिश
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, राज्य के उत्तर-पश्चिमी जिलों—पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार, लोहरदगा—के अलावा रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, खूंटी, बोकारो सहित देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, धनबाद और साहिबगंज में हल्की से मध्यम दर्जे की वर्षा हो सकती है।
धनबाद में रिकॉर्ड 93 मिमी बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के लगभग सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश और ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षापात धनबाद के पुटकी क्षेत्र में 93 मिमी रिकॉर्ड किया गया।
वहीं अधिकतम तापमान सरायकेला में 38.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लातेहार में 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री और न्यूनतम 17.6 डिग्री सेल्सियस रहा।