Bihar: बिहार में 19 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी, इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

Reena Sharma
2 Min Read
Weather

देश के अधिकांश हिस्सों में इन दिनों लगातार बारिश हो रही है। बिहार में भी मानसून पूरी तरह एक्टिव है। बिहार में मानसून की सक्रियता के कारण हर जिले में लगातार भारी बारिश हो रही है। इस बारिश से अभी राहत मिलने के आसार भी नजर नहीं आ रहे हैं। दरअसल, मौसम विभाग ने 12 अगस्त से 17 अगस्त तक पूरे बिहार में बारिश का अलर्ट जारी किया है।

एनडीआरफ से लेकर आपदा विभाग तक अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार आज उत्तर बिहार के सभी जिलों के लिए खतरे की घंटी है। मौसम विभाग के अनुसार आज उत्तर बिहार के 19 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। जबकि बाकी जिलों में भी भारी बारिश की संभावना है। एनडीआरफ से लेकर आपदा विभाग तक सब अलर्ट मोड पर हैं।

Advertisement

19 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी 

मौसम विभाग के अनुसार सुपौल, अररिया, किशनगंज और पूर्णिया में बहुत ज्यादा भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है, तो पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, मधेपुरा, कटिहार और सहरसा जिले में भी भारी वर्षा  की चेतावनी दी गई है। इसके साथ ही इन जिलों में कुछ जगहों पर 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा तो अधिकांश जगहों पर बिजली चमकने मेघ गर्जन और वज्रपात की चेतावनी दी गई है। इन जिलों के अलावा उत्तर बिहार के दरभंगा, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, वैशाली, सारण, गोपालगंज और सिवान में भी पूरे दिन बादल बने रहने के साथ अधिक वर्षा की संभावना बन सकती है।

अब तक 25 फीसदी कम बारिश

बिहार में लगातार बारिश हो रही है। इसके बावजूद बिहार में अब तक 25 फीसदी कम बारिश हुई है। इस समय तक राज्य में 590.4 मिमी बारिश होनी चाहिए थी। जबकि अब तक केवल 444.7 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। उत्तर बिहार के 8 जिलों में अब भी 50 प्रतिशत तक कम बारिश हुई है। हालांकि, जुलाई के आखिरी हफ्ते से अब तक अच्छी बारिश हो रही है।

Share This Article