6 दिवसीय प्रमुख व मुखियागणों का उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित, उपायुक्त ने कहा-करें दायित्वों का निर्वाह, सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे

Manju
By Manju
4 Min Read

जमशेदपुर : सरकार द्वारा संचालित सभी विकास व जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने के लिए उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला स्तरीय प्रखंडवार 6 दिवसीय प्रमुख व मुखियागणों का उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी आलोक में 31 मई को बोड़ाम तथा जमशेदपुर प्रखंड के प्रमुख व मुखिया गण समाहरणालय सभागार में आयोजित मुखिया सम्मेलन कार्यक्रम में आज शामिल हुए। सम्मेलन में उपस्थित सदस्यों को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि जब तक आपको सरकार की विकास व कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी नहीं होगी। तब तक आप अपने स्तर से उनकी समीक्षा भी नहीं कर पाएंगे और ना ही आमजनों को उन योजनाओं से अवगत करा पाएंगे।


सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में आप सभी प्रमुख व मुखियागणों की महत्वपूर्ण भूमिका है। पदाधिकारियों के साथ-साथ आप सभी जन प्रतिनिधियों का भी संयुक्त दायित्व है कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान में खड़े व्यक्ति के पास पहुंचे, आप भी लोक सेवक हैं। आपका भी जनता के प्रति उतरदायित्व है। आप अपने पंचायत स्तर पर देखे कि आंगनबाड़ी ससमय खुल रहे हैं कि नहीं, सेविका सहायिका समय पर आ रही है कि नहीं, राशन दुकान समय पर खुल रहे है कि नहीं।

प्रमुख व मुखियागणों को संबोधित करते हुए निदेशक एन.ई.पी ने कहा कि पंचायत स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन के साथ साथ जनता को कल्याणकारी योजनाओं से अच्छादित करना भी आपका दायित्व है। निदेशक डी.आर.डी.ए ने कहा कि पूर्व में भी इस तरह का उनमुखीकरण कार्यक्रम किया गया था, लेकिन अपेक्षित परिणाम नहीं आने के कारण फिर इस तरह का उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में जिला के विभिन्न पदाधिकारियों द्वारा अपने विभाग से संबंधित योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में मुखिया व जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध करायी जा रही है जैसे मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, सर्वजन पेंशन योजना, झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना, सावित्री बाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना, पेयजल एवम स्वछता विभाग, बिरसा हरित ग्राम योजना, फूलो झानो आशीर्वाद योजना, मत्स्य पालन, किसान क्रेडिट कार्ड, मनरेगा, श्रमाधान, स्वास्थ्य चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, सहकारिता विभाग, ऊर्जा विभाग, उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग, प्रधान मंत्री आवास योजना, उद्यान विभाग आदि से संबंधित विभाग के पदाधिकारी के द्वारा विस्तार पूर्वक बताया गया। साथ ही मुखियागण द्वारा पूछे गए सभी प्रश्नों का भी संतोषजनक उत्तर उपलब्ध कराया गया। इसी क्रम में जिला पंचायत राज पदाधिकारी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा सभी मुखियागण को प्राथमिकता के आधार पर पंचायत अन्तर्गत सभी खराब पड़े जलमीनार की मरम्मती करने व आंगनबाड़ी व स्कूल में पेयजल की व्यवस्था करने, पंचायत में प्राप्त 15वें वित्त की राशि को नियमानुसार शत प्रतिशत व्यय करने व जी.पी.डी.पी. अन्तर्गत 2023-24 की योजनाओं को ससमय पोर्टल पर अपलोड करवाने के लिए निदेश भी दिया गया।
बैठक में डायरेक्टर डी.आर.डी.ए, डायरेक्टर एन.ई.पी., जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता- बिजली विभाग, पेयजल व स्वच्छता, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, सिविल सर्जन, जिला सहकारिता पदाधिकारी आदि उपस्थित हुए।

प्रखंडवार कार्यक्रम

दिनांक 02.06.2023 को पोटका व पटमदा

दिनांक 05.06.2023 को घाटशिला व धालभूमगढ़

दिनांक 07.06.2023 को मुसाबनी व डुमरिया

दिनांक 09.06.2023 को बहरागोड़ा तथा

दिनांक 12.06.2023 को चाकुलिया व गुड़ाबान्दा के सभी प्रमुख व मुखियागण उन्मुखीकरण कार्यक्रम में भाग लेंगे।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *