मिरर मीडिया : चीन में कोरोना वायरस के चिंताजनक आंकड़े दर्ज़ किये जा रहें है। शंघाई में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमितों के 9,006 नए मामले सामने आए हैं। कोरोना की पहली लहर की पीक के बाद से यह सबसे अधिक एक दिवसीय बढ़त है। हालात इतना खराब हो चुके हैं कि शंघाई के किसी भी अस्पताल में कोरोना संक्रमित मरीजों को भर्ती करने की जगह नहीं बची है. इसके बावजूद चीन का दावा है कि शंघाई में कोरोना संक्रमण से अभी तक किसी की मौत नहीं हुई है।
करीब 2.6 करोड़ आबादी वाले शंघाई प्रांत में हालात पर काबू पाने के लिए चीनी सेना और 2,000 से अधिक चिकित्सा कर्मियों को शंघाई भेजा गया है, ताकि मरीजों का इलाज हो सके।स्वास्थ्य अधिकारियों की माने तो बीते रविवार यहां संक्रमण के 438 नये मामलों की पुष्टि हुई है. इसके साथ ही 7,788 ऐसे संक्रमितों का पता चला है जिनमें संक्रमण के लक्षण नहीं थे। आलम ये है कि चीन के बड़े व्यावसायिक हब शंघाई में अगले शुक्रवार तक पूर्ण लॉकडाउन लगाया गया है।
गौरतलब है कि चीन दुनिया के सर्वाधिक टीकाकरण वाले देशों में शामिल है। चीन में 88% से अधिक आबादी को कोरोना वैक्सीन की डबल डोज लग चुकी है, लेकिन इसके बावजूद चीन के बुजुर्गों यानी 60 साल से अधिक आयु के लोगों में से मात्र 52% को ही डबल डोज लग पाई है।