पहलगाम हमलाः घायल पर्यटकों से मिलने आज कश्मीर जाएंगे राहुल गांधी, आर्मी चीफ भी पहुंचे श्रीनगर

Reena Sharma
2 Min Read

पहलगाम अटैक के बाद पूरे देश में गुस्से का माहौल है। पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में आज दिल्ली के चांदनी चौक के बाजार बंद हैं. व्यापारियों ने ‘बंद’ बुलाया है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज जम्मू-कश्मीर जाएंगे और पहलगाम आतंकी हमले में घायल हुए लोगों से मिलेंगे।गांधी अनंतनाग में सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) का दौरा करेंगे और घायलों का हालचाल जानेंगे। इधर, सेना प्रमुख उपेंद्र द्विवेदी जम्मू कश्मीर पहुंच चुके हैं।

यूएस दौरे को छोड़ देश लौटे हैं राहुल गांधी

पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर कांग्रेस नेता राहुल गांधी शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर का दौरा करेंगे। राहुल गांधी अमेरिका की यात्रा पर थे लेकिन यात्रा बीच में छोड़कर गुरुवार सुबह वे दिल्ली लौट आए थे। राहुल गांधी से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भी अपनी-अपनी विदेश यात्रा बीच में रद्द कर दी थी। पीएम मोदी सऊदी अरब तो सीतारमण अमेरिका के दौरे पर थीं।

Advertisement

आर्मी चीफ पहुंचे श्रीनगर

पहलगाम में 26 निर्दोष पर्यटकों की जान लेने वाले आतंकवादियों के खिलाफ सुरक्षाबल एक्टिव हो गए हैं। आर्मी चीफ जनरल उपेंद्र द्विवेदी श्रीनगर पहुंच चुके हैं। वे घाटी में सुरक्षा की समीक्षा करने के साथ ही आतंकवादियों और उनके गढ़ को तबाह करने की रणनीति भी बनाएंगे। उनका कश्मीर घाटी में तैनात वरिष्ठ सैन्य कमांडरों और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों के साथ बैठक करने का कार्यक्रम है। वह घाटी में चल रही सुरक्षा स्थिति और पाकिस्तान सेना द्वारा नियंत्रण रेखा (लाइन ऑफ़ कंट्रोल) पर संघर्ष विराम का उल्लंघन करने के प्रयासों की समीक्षा करेंगे।

देशभर में प्रदर्शन

पहलगाम आतंकी हमले में हिंदुओं की बर्बर हत्या की गई। इससे लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को देशभर में प्रदर्शन हुए। शुक्रवार को भी देश भर में प्रदर्शन होगा। शुक्रवार को भी दिल्ली बंद का ऐलान किया गया है। दिल्ली में पाकिस्तानी उच्चायोग के बाहर लोगों ने प्रदर्शन किया। करीब 300 लोगों ने उच्चायोग के समक्ष नारेबाजी की।

Share This Article