ईरान और अमेरिका के बीच सीजफायर का ऐलान हो गया है। डोनाल्ड ट्रंप ने डेडलाइन खत्म होने से पहले इसकी घोषणा कर दी है। यूएस प्रेसिडेंट ने कहा है कि ज्यादातर मुद्दों पर सहमति बन गई है और अब आगे की बातचीत इस्लामाबाद में होगी। इस बीच मध्यस्थता का दावा करने वाले पाकिस्तान की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। इसकी वजह है पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का एक्स पर एडिट किया गया पोस्ट।
पोस्ट को तत्काल एडिट किया गया
मिडिल ईस्ट जंग के सीजफायर का ऐलान पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने एक्स पर पोस्ट करके किया। लेकिन इस दौरान कुछ ऐसा हो गया कि पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का वह संदेश नए विवाद में घिर गया। यह हुआ शहबाज की एक्स पर एक पोस्ट के बाद, जिसे तत्काल एडिट कर दिया गया। लेकिन इस एडिट ने लोगों को ध्यान तेजी से खींचा और अब इसे लेकर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री का मजाक उड़ रहा है।
शहबाज शरीफ का सोशल मीडिया पोस्ट
दरअसल, शहबाज शरीफ ने मंगलवार को एक्स पर एक पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से ईरान के खिलाफ संभावित कार्रवाई की समयसीमा बढ़ाने की अपील की थी। उन्होंने लिखा था कि कूटनीति को आगे बढ़ने का मौका देने के लिए समय सीमा को दो सप्ताह तक बढ़ाया जाना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने ईरान से होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने का भी आग्रह किया था, जो वैश्विक तेल आपूर्ति के लिहाज से बेहद अहम है।
एडिट हिस्ट्री ने खोली पोल
हालांकि, यह मामला तब और गंभीर हो गया जब यूजर्स ने पोस्ट की एडिट हिस्ट्री पर ध्यान दिया। सामने आए स्क्रीनशॉट्स में दिखा कि पोस्ट के शुरुआती वर्जन में ‘Draft: Pakistan’s PM message on X’ जैसा टेक्स्ट मौजूद था। इससे यह अटकलें लगाई जाने लगीं कि यह संदेश पहले से तैयार ड्राफ्ट था और संभवतः सीधे पोस्ट करने से पहले उसे पूरी तरह संपादित नहीं किया गया।
क्या अमेरिका से भेजा गया था संदेश?
किसी देश के प्रधानमंत्री के ऑफिशियल कम्युनिकेशन में ड्राफ्ट शब्द लिखा होना बड़े सवाल पैदा करता है, लेकिन क्या ये पाकिस्तान के अधिकारियों की लापरवाही थी या फिर किसी बड़ी बात का संकेत। ऐसा लगता है कि ये संदेश पाकिस्तान की लीडरशिप से नहीं आया है। बल्कि ऐसा लगता है कि इसे अमेरिका ने भेजा था।

