पलामू: छतरपुर थाना क्षेत्र में हुए पारा शिक्षक उदय कुमार सिंह हत्याकांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने आरोपी पारा शिक्षक सुरेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के पीछे पैसे का विवाद मुख्य वजह बताया जा रहा है।
एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि मृतक उदय कुमार सिंह और आरोपी सुरेंद्र यादव के बीच घनिष्ठ मित्रता थी। दोनों पारा शिक्षक थे। सुरेंद्र यादव छतरपुर थाना क्षेत्र के दारूदाग स्थित विद्यालय में कार्यरत है।
पुलिस जांच में सामने आया कि उदय कुमार सिंह ने सुरेंद्र यादव को 25 हजार रुपये उधार दिए थे। बाद में उदय कुमार सिंह उससे 50 हजार रुपये की मांग करने लगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। विवाद इतना गहरा गया कि सुरेंद्र यादव ने उदय कुमार सिंह की धारदार हथियार से गर्दन काटकर हत्या कर दी।
घटना के बाद पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज की। पूछताछ और सबूतों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस सनसनीखेज हत्याकांड के खुलासे के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है कि महज पैसों के विवाद में एक दोस्त ने अपने ही मित्र की बेरहमी से हत्या कर दी।

