पलामू पुलिस अधीक्षक ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, लेस्लीगंज (पांकी) कार्यालय और लेस्लीगंज थाना का निरीक्षण कर वहां की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान कार्यालय एवं थाना के विभिन्न अभिलेखों, लंबित कांडों और अन्य कार्यों की जानकारी ली गई।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अभिलेखों का समुचित संधारण सुनिश्चित करने के साथ आमजनों की शिकायतों पर त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, लेस्लीगंज को सभी पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों से आम जनता के साथ सौहार्दपूर्ण एवं संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लोगों की शिकायतों का समय पर निराकरण किया जाए और उनकी समस्याओं को गंभीरता से लिया जाए।
अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी पुलिस अधीक्षक ने पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने क्षेत्र में प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने और कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

