डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : जमशेदपुर के चर्चित उद्यमी देबांग गांधी के 22 वर्षीय पुत्र कैरव गांधी के अपहरण के दो दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। अपराधियों का सुराग न मिलने से शहर के उद्यमी और व्यवसायी वर्ग में भारी आक्रोश और असुरक्षा का माहौल है। पुलिस की विफलता और बढ़ती चिंता के बीच, व्यापारियों ने अब ईश्वरीय शक्ति की शरण ली है।
सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ
गुरुवार सुबह 11 बजे कंफडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के बैनर तले बिष्टुपुर स्थित सत्यनारायण मारवाड़ी मंदिर में सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ आयोजित किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में भारी संख्या में पुरुष व्यापारियों के साथ-साथ महिलाएं भी शामिल हुई। सभी ने संकटमोचन से कैरव की सुरक्षित घर वापसी की प्रार्थना की। इस मौके पर भरत वसानी, नरेश अग्रवाल और राजकुमार अग्रवाल सहित शहर के कई गणमान्य व्यवसायी उपस्थित थे।
प्रशासन को अल्टीमेटम
कैट के राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव सुरेश सोंथालिया ने प्रशासन पर दबाव बनाते हुए कहा कि शहर का हर परिवार इस घटना से डरा हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस और प्रशासन अपना काम कर रहे हैं, लेकिन अगर शुक्रवार तक कैरव सकुशल वापस नहीं आता है, तो व्यापारी संगठन एक नए और उग्र आंदोलन की रणनीति तैयार करेगा। व्यापारियों का कहना है कि सुरक्षा के अभाव में व्यापार करना मुश्किल होता जा रहा है और प्रशासन को जल्द से जल्द ठोस परिणाम देने होंगे।

