पप्पू यादव को मिला राहुल-प्रियंका का साथ, पूछा- किसे बचा रही है सरकार?

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज है। 31 साल पुराने एक मामले में कोर्ट के आदेश पर हुई इस कार्रवाई को लेकर विपक्ष सीधे तौर पर एनडीए सरकार पर हमलावर है। अब पप्पू यादव को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा का भी समर्थन मिला है।

डराया और धमकाया जा रहा-राहुल गांधी

राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि बिहार में नीट की तैयारी कर रही छात्रा की मौत के मामले में इंसाफ की आवाज उठाने पर पप्पू यादव को डराया और धमकाया जा रहा है। राहुल गांधी ने कहा, ‘इस बेटी के लिए न्याय की आवाज बनकर साथी सांसद पप्पू यादव जी मजबूती से खड़े हुए। उनकी गिरफ़्तारी साफ तौर पर राजनीतिक प्रतिशोध है ताकि जवाबदेही मांगने वाली हर आवाज को डराया और दबाया जा सके।’ उन्होंने कहा कि सबसे चिंताजनक तथ्य यह है कि यह घटना किसी एक मामले तक सीमित नहीं दिखती।

राहुल गांधी के बाद प्रियंका भी समर्थन में

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के बाद अब प्रियंका गांधी वाड्रा भी खुलकर पप्पू यादव के समर्थन में उतर आई हैं। प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लंबा पोस्ट लिखते हुए बिहार सरकार और भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। प्रियंका गांधी ने अपने पोस्ट में लिखा कि पटना में NEET की तैयारी कर रही छात्रा के साथ रेप और हत्या की घटना बेहद झकझोर देने वाली है। इस मामले में एफआईआर से लेकर जांच तक सरकार का रवैया संदिग्ध रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किसे बचाने की कोशिश की जा रही है। प्रियंका गांधी ने आगे लिखा कि हाथरस, उन्नाव, अंकिता भंडारी और अब पटना जैसे मामलों में भाजपा शासित राज्यों में पीड़ितों को न्याय की जगह आरोपियों को संरक्षण मिलता दिखता है। उन्होंने पप्पू यादव की गिरफ्तारी को इसी असंवेदनशील रवैये की कड़ी बताया।

1995 के एक मामले में पप्पू यादव गिरफ्तार

दरअसल, बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव को शुक्रवार की देर रात पटना के मंदिरी स्थित आवास से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पप्पू यादव शुक्रवार की शाम को ही पटना पहुंचे थे। पुलिस के मुताबिक, उन्हें 1995 के एक मामले में गिरफ्तार किया गया है। ये मामला गर्दनीबाग थाना से जुड़ा है, जो पहले पुरानी भारतीय दंड संहिता के तहत दर्ज था और अब भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत चल रहा है। इस मामले में सांसद पर आपराधिक मामले की धारा 419, 420, 468, 448, 506 और 120बी का आरोप है। बताया जा रहा है कि अदालत में सुनवाई जारी थी, लेकिन सांसद की लगातार गैरहाजिरी चल रही थी।

Share This Article