‘बीजेपी में शामिल होना चाहते हैं पप्पू यादव’, निशिकांत दुबे का दावा; जानें क्या बोले पूर्णिया  MP 

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार और झारखंड की सियासत में एक बार फिर जुबानी जंग तेज हो गई है। झारखंड के गोड्डा से भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने दावा किया है कि पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव भाजपा में शामिल होना चाहते थे। इस बयान के बाद पप्पू यादव ने तीखा जवाब देते हुए कहा कि वे निशिकांत दुबे की पैदाइश से पहले कई बार सांसद रह चुके हैं। तो वो उन्हें राजनीति ना सिखाएं।

सोशल मीडिया पर तीखी जुबानी जंग

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव और गोड्डा से भाजपा के सांसद निशिकांत दुबे के बीच तीखी जुबानी जंग छिड़ गई है। निशिकांत दुबे ने दावा किया है कि संसद के मौजूदा सत्र के दौरान पप्पू यादव उनसे मिले थे और भाजपा में शामिल करवाने का अनुरोध किया था। यह दावा बिहार की राजनीति के लिए एक बड़ा धमाका है।

निशिकांत दुबे के पोस्ट में क्या?

अपने एक्स पोस्ट में निशिकांत दुबे ने लिखा है, “अभी संसद सत्र के दौरान मुझसे यही सज्जन लोकसभा के अंदर मुझसे मिलने आए थे, एक ही इनकी विनती थी कि मुझे भाजपा में शामिल करवा दीजिए। अंगूर खट्टे हैं, कुछ तो दिन ईमान होना चाहिए? आपके चुनाव क्षेत्र में हमारे परिवार की कितनी जमींदारी है, यह भी लोगों को बताइए, कांग्रेस पार्टी से मेरा भाई पूर्णिया से विधायक रहे, यह भी बताइए। राजनीति की मर्यादा रखिए।”

कैसे हुई विवाद की शुरुआत

निशिकांत दुबे ने ये पोस्ट पप्पू यादव के एक पोस्ट के जवाब में किया। विवाद की चिंगारी तबसुलगी जब पप्पू यादव ने गौतम अदाणी के देवघर दौरे पर एक तीखा पोस्ट किया। पप्पू यादव ने किसी का नाम लिए बिना लिखा कि अदाणी देवघर में ‘उद्योगपतियों के एक एजेंट सांसद’ से मिलने पहुंचे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि नेहरू-गांधी परिवार के खिलाफ जो भी दुष्प्रचार फैलाया जा रहा है, उसका असली निवेशक कोई और नहीं बल्कि गौतम अदाणी हैं।

पप्पू यादव का पलटवार

पप्पू यादव के इसी बयान पर निशिकांत दुबे ने पलटवार किया है। उन्होंने एक ऐसा दावा किया जिसने बिहार की राजनीति में हलचल मचा दी है।  निशिकांत दुबे के ‘भाजपा में एंट्री’ वाले दावे पर पप्पू यादव का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उन्होंने पलटवार करते हुए लिखा, “इस महोदय का तो नाम नहीं लिए थे, पर जब यह सामने आ गए है तो इनसे पूछ लिया जाना चाहिए कि प्रमोद महाजन जी के यहां कौन-सी जमीन की जमींदारी संभाल रहे थे जनाब?” पप्पू यादव ने आगे लिखा, “दलाली की जमींदारी के महामहोपाध्याय आपके पैदाइश से पहले कई दफे हम सांसद रह चुके थे। वहीं पूर्णिया किसी के बाप की जमींदारी नहीं है।”

Share This Article