ईद और रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार देर शाम बराकर पुलिस फाड़ी में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के कुल्टी एसीपी जावेद हुसैन ने की।
बैठक में कुल्टी थाना प्रभारी पार्थो साथी घोष, बराकर फाड़ी प्रभारी अनजान कुमार रजक, सब ट्रैफिक प्रभारी बिनय लाइक समेत कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। साथ ही बराकर ईद एवं रामनवमी संचालन समिति, शांति समिति के सदस्य, समाजसेवी और बराकर चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष शिवकुमार अग्रवाल, पार्षद टूम्पा चौधरी, मोहम्मद मुस्लिम, फारूक खान, तोनू मुखर्जी, दीपक दुधानी, टुन्नी लोहिया और पूर्व पार्षद पप्पू सिंह सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि रामनवमी के अवसर पर बराकर स्टेशन परिसर से निकलने वाली शोभा यात्रा को आपसी भाईचारे और हर्षोल्लास के साथ निकाला जाएगा। सभी उपस्थित लोगों ने शांति, एकता और सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया और प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
कुल्टी पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की हुड़दंग, अफवाह फैलाने, भड़काऊ संदेश प्रसारित करने या धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले गीत-संगीत पर कड़ी नजर रखी जाएगी। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे दोनों पर्वों को मिल-जुलकर मनाएं और क्षेत्र में सामाजिक एकता एवं भाईचारे को मजबूत करें।

