पाकुड़ में पिकनिक विवाद ने लिया हिंसक रूप, खेतों में बमबाजी से मचा हड़कंप

KK Sagar
2 Min Read

पाकुड़ मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत झिकरहटी पश्चिम गांव में आपसी विवाद अचानक हिंसा में तब्दील हो गया। गांव से सटे खेतों में हुई बमबाजी की घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में दहशत फैल गई।

पिकनिक विवाद से शुरू हुआ मामला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 जनवरी को पिकनिक के दौरान गांव के दो पक्षों के बीच विवाद उत्पन्न हुआ था। विवाद को सुलझाने के उद्देश्य से उसी रात पंचायती भी बुलाई गई, लेकिन दोनों पक्षों के बीच कोई सहमति नहीं बन सकी।

खेतों में अचानक बम विस्फोट

पंचायती विफल होने के बाद शुक्रवार 2 जनवरी की दोपहर गांव से सटे खेतों में अचानक बम विस्फोट हुआ। धमाके की आवाज से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने-अपने घरों में दुबक गए।

मौके पर पहुंची भारी पुलिस बल

घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना प्रभारी गौरव कुमार के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस के पहुंचने से पहले ही स्थिति शांत हो चुकी थी, लेकिन एहतियातन पूरे गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया।

दोनों पक्षों के लोग फरार, छापेमारी जारी

घटना के बाद से दोनों गुटों के लोग फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस द्वारा गांव और आसपास के क्षेत्रों में सघन छापेमारी और जांच अभियान चलाया जा रहा है।

स्थिति नियंत्रण में, पुलिस अलर्ट

थाना प्रभारी गौरव कुमार ने बताया कि स्थिति तनावपूर्ण जरूर है, लेकिन पूरी तरह नियंत्रण में है। दोषियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और जांच लगातार जारी है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....