प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन कर दिया है। पीएम मोदी ने रिमोट के जरिए जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन किया। इस दौरान मंच पर सीएम योगी आदित्यनाथ, यूपी के दोनों डिप्टी सीएम और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री मौजूद थे। एशिया के सबसे बड़े एयरपोर्टके उद्घाटन के मौके पर पीएम मोदीने देश के एविएशन सेक्टर, किसानों, युवाओं और विकास को लेकर बड़ा विजन सामने रखा।
ये एयरपोर्ट जनता की अमानत- पीएम मोदी
नोएडा एयरपोर्ट के उद्घाटन समारोह में पीएम मोदी ने कहा, ‘अभी आधा काम हुआ है। मैंने सिर्फ पर्दा हटाया है, मैं चाहता हूं कि जो भी उपस्थित है, आप सब उद्घाटन करें। इसलिए आप अपना मोबाइल फोन निकालिए। अपने मोबाइल फोन का फ्लैश लाइट ऑन करिए।’ पीएम मोदी की अपील के बाद लोगों ने भी हाथों में मोबाइल लेकर फ्लैश लाइट जलाई। इसके बाद पीएम मोदी ने कहा, ‘अब यहां उपस्थित हर व्यक्ति इस एयरपोर्ट का उद्घाटन कर रहा है। यह आपकी अमानत है, यह आपका पुरुषार्थ है। इसलिए इसका उद्घाटन आपके हाथों से हो रहा है।’
सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में जेवर एयरपोर्ट के बनने की कहानी भी सुनाई और बताया कि कैसे सपा-कांग्रेस ने दो दशक तक इस काम को अटकाए रखा। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी ने शुरुआती वर्षों में जेवर एयरपोर्ट के काम को आगे बढ़ने भी नहीं दिया था। लेकिन सूबे में एनडीए सरकार के आने के बाद ही जेवर एयरपोर्ट की नींव पड़ी और निर्माण पूरा हुआ।
नेता नोएडा आने से डरते थे-पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, ‘2003 में अटल बिहारी वाजपेयी सरकार ने जेवर एयरपोर्ट को मंजूरी दी थी, लेकिन सालों तक काम नहीं हुआ। 2004 से 2014 के दौरान कांग्रेस सरकार में प्रोजेक्ट फाइलों में ही दबा रहा।’ सपा पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘अंधविश्वास के कारण नोएडा को नजरअंदाज किया गया, नेता यहां आने से डरते थे। उन्हें भी नोएडा आने से रोका गया था, लेकिन उन्होंने जनता का आशीर्वाद लेने का फैसला किया। अब वही क्षेत्र दुनिया का स्वागत करने और आत्मनिर्भर भारत को मजबूत करने के लिए तैयार है।’
किसानों का आभार जताया
पीएम मोदी ने अपने भाषण में किसानों का आभार जताया, जिनके सहयोग से यह प्रोजेक्ट संभव हो सका। पीएम ने किसानों की सराहना करते हुए कहा कि गन्ने से बने इथेनॉल की वजह से देश को करीब 4.5 करोड़ बैरल कच्चा तेल कम आयात करना पड़ा। मोदी ने आज कहा कि देश में इथेनॉल का उत्पादन बढ़ने से कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम हुई है और विदेशी मुद्रा की भारी बचत हुई है। उन्होंने कहा कि देश में इथेनॉल का उत्पादन नहीं बढ़ता और पेट्रोल में उसकी ब्लेंडिग नहीं बढ़ती तो सालाना चार करोड़ बैरल अतिरिक्त कच्चे तेल विदेशों से मंगाना पड़ता। किसानों की मेहनत से देश को इस संकट की घड़ी में राहत मिली है।
एयरपोर्ट के लिए जमीन देने वाले किसानों को धन्यवाद
प्रधानमंत्री ने साथ ही कहा कि इथेनॉल से देश के साथ-साथ किसानों को भी फायदा हुआ है। इससे करीब 1.5 लाख करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा बची है। इथेनॉल न बनाते तो यह पैसा विदेश जाना तय था। बीते वर्षों में इतना सारा पैसा देश के गन्ना किसानों को मिला है। उन्होंने साथ ही नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए जमीन देने वाले किसानों को धन्यवाद दिया। 7,200 एकड़ में विकसित किया जा रहा नोएडा एयरपोर्ट चार चरणों में पूरा होने के बाद देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट होगा।

