मोतिहारी में जहरीली शराब का कहर जारी, 7वें शख्स ने तोड़ा दम

Neelam
By Neelam
2 Min Read

मोतिहारी में जहरीली शराब ने एक और जिंदगी छीन ली है। इस मामले में अब मृतकों की संख्या बढ़कर 7 हो गई है। कल रात तक इस जहरीली शराब के कारण पांच लोगों की मौत हो चुकी थी, वहीं आज सुबह से अब तक दो और लोगों की मौत की खबर आई है। जिसके बाद कुल मौतों की संख्या सात हो चुकी है। जबकि कई अन्य लोग अस्पतालों में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं।

आज दो लोगों ने तोड़ा दम

पिछले 48 घंटों से जहरीली शराब से मौत का सिलसिला लगातार बढ़ता जा रहा है। कल रात तक पांच लोगों की मौत की खबर सामने आई थी। वहीं आज सुबह सबसे पहले रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के हरदिया निवासी लालकिशोर राय की मौत हुई। उसके कुछ समय बाद ही बालगंगा के मुसहरी टोला निवासी लड्डू साह की भी मौत की खबर आई।

5 बेटियों के सिर से उठा पिता का हाथ

लड्डू साह अपने पीछे 5 बेटियों को छोड़ गया है। बताया जा रहा है कि मृतक टेंपो चलाकर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। जहरीली शराब पीने के बाद उसकी तबीयत खराब हो गई थी, उसका इलाज एक स्थानीय निजी नर्सिंग होम में चल रहा था।जहां उनकी हालत लगातार गंभीर बनी हुई थी।

तुरकौलिया प्रभारी तत्काल प्रभाव से निलंबित

वहीं, इस मामले में तुरकौलिया प्रभारी उमाशंकर मांझी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके अलावा परसौना के चौकीदार भरत राय को भी निलंबित करते हुए गिरफ्तार किया गया है। एसपी ने बताया कि इस मामले में चौकीदार भरत राय और मुख्य आरोपी नागा राय को उनके परिवार की महिलाओं के साथ गिरफ्तार किया गया है। मोतिहारी एसपी द्वारा गठित एसआईटी की जांच में जहरीली शराब के पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ।

Share This Article