बोकारो ज़िले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसमें एक महिला के साथ उसके पति के सामने सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने इस जघन्य अपराध का खुलासा करते हुए 24 घंटे के भीतर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
बोकारो के एसपी हरविंदर सिंह के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम विशाल कुमार, कृष्ण कुमार, अजय कुमार और साहिल कुमार हैं।
घटना 29 मई की रात करीब 8:30 बजे की है, जब पीड़ित दंपत्ति सदर अस्पताल, बोकारो में बन रही क्रिटिकल केयर यूनिट मल्टी स्टोरी बिल्डिंग में मजदूरी करने के बाद बाजार करने दून्दीबाद गए थे। इस दौरान उन्होंने शराब का सेवन भी किया। उसी दौरान विशाल कुमार ने उन्हें घर छोड़ने के बहाने एक टोटो में बैठाया, जिसे कृष्ण कुमार चला रहा था।
टोटो में बैठाने के बाद दोनों को सेक्टर-12 स्थित एक सुनसान, खंडहरनुमा स्कूल में ले जाया गया, जहां चारों आरोपियों ने महिला के पति के सामने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
महिला की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोगों ने सेक्टर-12 थाना पुलिस को सूचना दी। तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने सबसे पहले मुख्य आरोपी विशाल कुमार को गिरफ्तार किया, फिर उसकी निशानदेही पर बाकी तीनों आरोपियों को भी पकड़ लिया गया।
पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। एसपी हरविंदर सिंह ने कहा कि दोषियों को कठोरतम सजा दिलाने के लिए तेज़ी से चार्जशीट दाखिल की जाएगी।