जमशेदपुर : सिदगोड़ा में चोरों ने वकील के घर से लाखों के गहने, नकदी समेत कई कीमती सामान पार कर दिया। सुबह परिजनों को वारदात की जानकारी हुई। घटना की जानकारी पुलिस को दी गयी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। चोरों ने अधिवक्ता के मकान से डेढ़ लाख के गहने, नकद 15000 रुपये, एक गैस सिलेंडर, मोबाइल, कपड़े, लैपटॉप की चोरी की है। सिदगोड़ा शिवसिंह बगान रोड नंबर 9 के रहनेवाले अधिवक्ता सुमन कुमार के कमरे का ताला तोड़कर चोरों ने घटना को अंजाम दिया। घटना गुरुवार की सुबह के 3 बजे से 5 बजे के बीच की बताई जा रही है। अधिवक्ता का कहना है कि उनकी बेटी सुबह के 3 बजे तक पढ़ाई कर रही थी। उसके बाद वह सो गयी। वह भी सुबह 3 बजे के करीब तक जागे हुए थे। उनका कहना है कि घर में शादी का माहौल है। बुधवार को वह शॉपिंग करके घर लौटे थे। शॉपिंग के सामान को भी चोरों ने नहीं छोड़ा है। जिस कमरे में अधिवक्ता सुमन कुमार सोय हुये थे उस कमरे के बजाये दूसरे कमरे में चोरी की घटना घटी है। सुबह जागने पर देखा कि कमरा बाहर से लॉक है। जिस कमरे में चोरी हुई उसमे घर के कीमती सामान समेत शादी के गहने, कपड़े रखे गए थे।