TMC नेता के होटल में पुलिस की रेड, भारी मात्रा में कच्चे बम बरामद, इलाके में हड़कंप

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बोलपुर इलाके में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के एक स्थानीय नेता के होटल पर छापेमारी कर पुलिस ने भारी मात्रा में कच्चे बम बरामद किए हैं। इस कार्रवाई के बाद से ही आरोपी नेता फरार बताया जा रहा है।

पार्षद के पति के होटल में चल रहा था खेल
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह छापेमारी बोलपुर नगरपालिका के वार्ड नंबर-1 की TMC पार्षद संगीता दास के पति बाबू दास के होटल में की गई। बाबू दास का यह होटल बोलपुर के प्रांतिक रेलवे स्टेशन के पास स्थित है। रविवार को दो थानों की संयुक्त पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर यहां दबिश दी।

होटल में बम बनाने का आरोप, 7 हिरासत में
पुलिस को अंदेशा है कि होटल परिसर के भीतर ही ये कच्चे बम तैयार किए जा रहे थे। इस मामले में पुलिस ने अब तक 7 लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे सघन पूछताछ की जा रही है। हालांकि, मुख्य आरोपी बाबू दास पुलिस की भनक लगते ही मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

विवादों से पुराना नाता
यह पहली बार नहीं है जब बाबू दास का होटल चर्चा में आया है। स्थानीय लोगों और सूत्रों की मानें तो इस होटल में पहले भी कई अवैध गतिविधियां संचालित होने के आरोप लगते रहे हैं। इससे पूर्व यहां देह व्यापार का धंधा चलाने की शिकायतें भी पुलिस तक पहुंच चुकी हैं।

TMC ने साधी चुप्पी
इस पूरे घटनाक्रम पर तृणमूल कांग्रेस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। विपक्षी दल इस मुद्दे को लेकर सरकार और स्थानीय प्रशासन पर हमलावर हो सकते हैं।

Share This Article