राजधानी रांची के एक निजी विद्यालय में बुधवार को पुलिस ने सर्च अभियान शुरू किया। सूत्रों के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि स्कूल परिसर में भारी मात्रा में नगद रखे गए हैं, जिसका उपयोग आगामी झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 में किया जा सकता है। इस सूचना के आधार पर राज्य पुलिस की एक बड़ी टीम ने विभिन्न विभागों के सहयोग से विद्यालय में छानबीन शुरू की है।
स्टेट बैंक की टीम भी नोट गिनने वाली मशीन के साथ मौके पर पहुंची
नगद की सूचना को ध्यान में रखते हुए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की एक टीम नोट गिनने वाली मशीन के साथ मौके पर मौजूद है, ताकि किसी भी बरामद राशि का सही-सही आंकलन किया जा सके। हालांकि, अब तक विद्यालय से नगद बरामद नहीं किया गया है, लेकिन जांच को गंभीरता से लिया जा रहा है।
राजनीतिक पार्टी से जुड़े व्यक्ति के विद्यालय और घर पर दबिश
माना जा रहा है कि यह विद्यालय एक राजनीतिक पार्टी से जुड़े नेता का है। पुलिस ने न केवल स्कूल में बल्कि उस नेता के घर पर भी दबिश दी है। रांची पुलिस के कई डीएसपी, थानेदार, और पुलिसकर्मी मिलकर इस सर्च अभियान को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि किसी भी अवैध गतिविधि को रोका जा सके।