राबड़ी देवी के ‘हीरे के कंगन’ पर सियासी बवाल, जेडीयू एमएलसी ने EOU को लिखा पत्र

Neelam
By Neelam
3 Min Read

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव के जन्मदिन पर सिंगर छोटू छलिया को राबड़ी देवी के दिए गए कंगन को लेकर सियासी विवाद गहराता जा रहा है। जनता दल यूनाइडेट ने इसे लेकर आर्थिक अपराध इकाई (EOU) को लेटर लिखकर जांच की मांग की है।

जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने EOU को लिखा पत्र

लालू प्रसाद यादव के जन्मदिन समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने भोजपुरी गायक राम शरण यादव उर्फ छोटू छलिया को कथित रूप से हीरे वाले कंगन दिए थे। अब इन कंगनों को लेकर बिहार विधान परिषद के सदस्य और जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने मामले की जांच की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) को पत्र लिखकर वास्तविक तथ्यों के सत्यापन और विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की है।

नीरज कुमार की चिट्ठी में क्या?

नीरज कुमार ने आर्थिक अपराध इकाई (EOU) को लिखे अपनी चिट्टी में कहा है कि विभिन्न समाचार माध्यमों, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर यह खबर व्यापक रूप से प्रसारित हुई कि लालू यादव के जन्मदिन समारोह के दौरान राबड़ी देवी ने भोजपुरी गायक राम शरण यादव उर्फ छोटू छलिया को एक बहुमूल्य कंगन उपहार स्वरूप दिया। उन्होंने दावा किया कि स्वयं छोटू छलिया ने सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया है कि यह कंगन राबड़ी देवी ने उन्हें दिए थे। छोटू छलिया का कहना है कि कंगन हीरे का है।

नीरज कुमार ने पूछा- बताएं कंगन कहां से लिए थे?

जेडीयू नेता ने कहा कि अगर संबंधित कंगन वास्तव में हीरे अथवा अन्य बहुमूल्य धातु या रत्न से निर्मित है, तो उसके स्रोत, खरीद, मूल्य, भुगतान के माध्यम, कर अनुपालन और वैध आय के स्रोत को लेकर गंभीर प्रश्न खड़े होते हैं। वहीं, अगर कंगन की प्रकृति या मूल्य को लेकर भ्रामक जानकारी प्रसारित की गई है, तो उसकी भी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।

पुराने मामलों का भी किया जिक्र

नीरज कुमार ने अपने पत्र में लालू प्रसाद यादव से जुड़े “जमीन के बदले नौकरी” मामले का भी जिक्र किया है। उन्होंने कहा कि, इस मामले में पहले ही केंद्रीय जांच एजेंसियां कार्रवाई कर चुकी हैं और आरोप पत्र भी दायर किया जा चुका है। ऐसे में वित्तीय पारदर्शिता और सार्वजनिक जीवन में जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए इस नए विवाद की भी जांच आवश्यक है।

छोटू छलिया ने भी बताया था ‘बहुमूल्य’

बता दें कि लालू यादव के जन्मदिन के मौके पर राबड़ी देवी ने लोक गायक छोटू छलिया को हीरे जड़ित कंगन गिफ्ट किया था। छोटू छलिया ने खुद इसकी जानकारी दी थी।

Share This Article