रांची: झारखंड सरकार ने राज्य प्रशासन में बड़ा बदलाव करते हुए 15 आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। इस फेरबदल में चर्चित आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल, जो 28 महीने की जेल की सजा काट चुकी हैं, को भी नई जिम्मेदारी दी गई है।
कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। 1996 बैच के आईएएस अधिकारी मस्त राम मीना को पेयजल एवं स्वच्छता विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है। वहीं, पूजा सिंघल को सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेंस विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा अन्य प्रमुख तबादले इस प्रकार हैं:
- अरवा राजकमल – खान एवं भूतत्व विभाग के सचिव बनाए गए हैं। उन्हें झारखंड राज्य खनिज विकास निगम लिमिटेड के अध्यक्ष और उद्योग विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
- विप्रा भाल – परिवहन विभाग के सचिव नियुक्त किए गए हैं।
- कृपानंद झा – एससी-एसटी, बैकवर्ड एंड ओबीसी विभाग के सचिव बनाए गए हैं।
- जितेंद्र कुमार सिंह – श्रम नियोजन विभाग के सचिव नियुक्त किए गए हैं।
- राजेश्वरी बी. – वित्त विभाग की विशेष सचिव बनाई गई हैं।
- सौरभ कुमार भुवानिया – प्रबंध निदेशक, झारखंड अन्वेषण एवं खनन निगम लिमिटेड का दायित्व सौंपा गया है।