धनबाद: सहयोगी नगर वृद्धा आश्रम में 88 बेड सुविधा की तैयारी, उपायुक्त ने वृद्धजनों से मुलाकात की और छठ की दी शुभकामनाएं

KK Sagar
1 Min Read

सहयोगी नगर स्थित वृद्धा आश्रम में शनिवार को धनबाद उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन पहुंचे। इस दौरान उन्होंने आश्रम में रह रहे वृद्धजनों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। वृद्धजनों ने गुलाब का फूल देकर उनका स्वागत किया और आशीर्वाद दिया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने आश्रम में उपलब्ध सभी मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया और प्रबंधन से आवश्यक सुधारों पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि वर्तमान में वृद्धा आश्रम में 25 बेड की सुविधा है, लेकिन शीघ्र ही नए भवन का निर्माण कर 88 बेड की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

उपायुक्त ने वृद्धजनों के समय को आनंदपूर्वक और आरामदायक बनाने के लिए आवश्यक सामग्रियों और सुविधाओं को जल्द ही जोड़े जाने की जानकारी दी। उन्होंने वृद्धजनों के साथ बातचीत कर उनका मनोबल बढ़ाया और जिला प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता का भरोसा दिया।

इस अवसर पर उपायुक्त ने छठ पर्व के शुभारंभ के मौके पर सभी वृद्धजनों सहित जिलेवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दी।

इस मौके पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, आश्रम के अध्यक्ष, कार्यकारिणी अध्यक्ष, सचिव, सह सचिव और मीडिया प्रभारी उपस्थित थे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....