झारखंड और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज, जल्द होगी तारीखों की घोषणा

mirrormedia
3 Min Read

डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: देश में चुनाव का सिलसिला आगे भी जारी रहने वाला है। हरियाणा और जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के खत्म होने से पहले दो और राज्यों यानी झारखंड और महाराष्ट्र विधानसभा के चुनाव घोषित हो सकते हैं। यह घोषणा अगले हफ्ते में कभी भी हो सकती है। माना जा रहा है कि यह चुनाव नवंबर-दिसंबर महीने में कराए जा सकते हैं।

चुनावी तैयारियों पर मंथन

निर्वाचन आयोग ने दोनों राज्यों में चुनावी तैयारियों की समीक्षा शुरू कर दी है। सोमवार को आयोग अपने दो दिन के दौरे पर झारखंड पहुंचा। आयोग से जुड़े सूत्रों के अनुसार, इसके तुरंत बाद आयोग 27 और 28 सितंबर को महाराष्ट्र का दौरा करेगा, जहां चुनावी तैयारियों की समीक्षा की जाएगी और राजनीतिक दलों से चर्चा की जाएगी। इसके अलावा, 29 सितंबर को गृह मंत्रालय के साथ सुरक्षा तैयारियों पर चर्चा हो सकती है।

चुनाव की तारीखें जल्द हो सकती हैं घोषित

आयोग दोनों राज्यों के चुनाव की घोषणा जल्द कर सकता है, खासकर क्योंकि 26 नवंबर को महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। हालांकि, झारखंड विधानसभा का कार्यकाल 5 जनवरी 2025 तक है, फिर भी दोनों राज्यों के चुनाव एक साथ कराए जा सकते हैं।

सियासी मुकाबला होगा दिलचस्प

सियासी दृष्टिकोण से झारखंड में कांग्रेस समर्थित झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) की सरकार है, जबकि महाराष्ट्र में शिंदे की अगुवाई में भाजपा समर्थित शिवसेना सरकार चल रही है। दोनों ही राज्यों में विपक्ष की स्थिति मजबूत है, जिससे चुनावी मुकाबला दिलचस्प रहेगा।

उपचुनाव की घोषणा भी संभावित

आयोग के सूत्रों के अनुसार, झारखंड और महाराष्ट्र चुनाव के साथ-साथ वायनाड और उत्तर प्रदेश की खाली सीटों के उपचुनाव की घोषणा भी हो सकती है। बारिश के बाद सभी खाली सीटों पर उपचुनाव कराए जाएंगे। वायनाड सीट राहुल गांधी के इस्तीफे के बाद खाली हुई है, जहां कांग्रेस ने प्रियंका गांधी को प्रत्याशी बनाने का निर्णय लिया है।

  • खबरें और भी हैं mirrormedia.co.in पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं, आप हमसे जुड़ सकते हैं Facebook, Instagram, X अपने सुझाव या खबरें हमें mirrormedia2019@gmail.com पर भेजें।
Share This Article
Follow:
Mirror media digital laboratory Pvt. Ltd. Established February 2019. It is a Social Website channel Releted to News From all over india and Abroad with Reflection of truth. Mirror media is Connecting the people 24x7 and show all news and Views