डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर :26 फरवरी को जमशेदपुर में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के प्रस्तावित आगमन के मद्देनजर उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन समिति, पुलिस विभाग व प्रशासनिक अधिकारियों तथा कार्यकारी एजेंसियों ने भाग लिया। इस दौरान आयोजन स्थल कदमा, सोनारी एयरपोर्ट सहित परिभ्रमण मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, पार्किंग, विद्युत, पेयजल, स्वच्छता व अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि राष्ट्रपति के आगमन को लेकर सुरक्षा के सभी मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर वीआईपी मूवमेंट, आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता तथा भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष तैयारी करने के निर्देश दिए। पुलिस पदाधिकारियों को परिभ्रमण मार्ग पर सुरक्षा घेरा सुदृढ़ रखने, यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने तथा संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के लिए आवश्यकता अनुसार ड्रॉप गेट, बैरिकेटिंग आदि कार्य करने का निर्देश दिया गया।
आयोजको को निमंत्रण कार्ड, बैक ड्रॉप, स्पीच नोट, डायस प्लान सहित संपूर्ण कार्यक्रम की रूप रेखा तैयार कर समर्पित करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि सभी तैयारियां समयबद्ध व त्रुटिरहित ढंग से पूर्ण की जाएं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण व सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। बैठक में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, निदेशक एनईपी संतोष गर्ग, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, जिला परिवहन पदाधिकारी धनंजय, उप नगर आयुक्त कृष्णा कुमार, एडीएम एसोआर राहूल जी आनंद जी, ट्रैफिक पुलिस उपाधीक्षक, यांत्रिकी विभाग के अभियंता, आयोजन समिति के सदस्य समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

