
डिजिटल डेस्क। मिरर मीडिया: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुरूवार को धारा 370 हटने के बाद पहली बार कश्मीर यात्रा पर पहुंचे हैं। इस दौरान उन्होंने बख्शी स्टेडियम से 6400 करोड़ की 53 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया है। पीएम मोदी ने श्रीनगर के बख्शी स्टेडियम से लोगों को संबोधित किया।
जम्मू-कश्मीर में पर्यटन के सारे रिकॉर्ड टूटे
प्रधानमंत्री मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जब इरादे नेक हों, संकल्प को सिद्ध करने का जज्बा हो तो फिर नतीजे भी मिलते हैं। पूरी दुनिया ने देखा कि कैसे यहां जम्मू कश्मीर में G20 का शानदार आयोजन हुआ। आज यहां जम्मू कश्मीर में पर्यटन के सारे रिकॉर्ड टूट रहे हैं। अकेले 2023 में ही दो करोड़ से ज्यादा पर्यटक यहां आए हैं।
परिवारवाद और भ्रष्टाचार से सबसे ज्यादा भुगतभोगी हमारा जम्मू कश्मीर: मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि परिवारवाद और भ्रष्टाचार से सबसे ज्यादा भुगतभोगी हमारा जम्मू कश्मीर ही रहा है। परिवारवादियों ने जम्मू कश्मीर बैंक में अपने परिजनों को भरकर बैंक की कमर तोड़ दी थी। कश्मीर के गरीब आदमी का पैसा इस बैंक में था जो डूबने जा रहा था।जे एंड के बैंक को बचाने के लिए हमने कई सुधार किए। बैंक को एक हजार करोड़ रूपये की मदद देना भी तय किया। बैंक मे जो गलत भर्तियां हुई उनके खिलाफ कार्रवाई की गई।
राजनीतिक परिवार अपने फायदे के लिए लोगों को कर रहे गुमराह
प्रधानमंत्री ने कश्मीर से भाजपा को जोड़ते हुए कहा कि यहां झीलों में कमल खिलता है और भाजपा का चिह्न भी कमल ही है। जम्मू कश्मीर से भाजपा का नाता सभी जानते हैं। उन्होंने कहा कि 370 का फायदा आम कश्मीरी को था या फिर कुछ राजनीतिक परिवार अपने फायदे के लिए लोगों को गुमराह कर रहे थे। आज 370 नहीं है, इसलिए आज जम्मू कश्मीर के नौजवानों की भावनाओं का सम्मान हो रहा है।