कृषि में प्रगति–प्रदेश में समृद्धि’ की दिशा में बड़ा कदम, हर गांव में बनेगी दुग्ध उत्पादन समिति: सीएम नीतीश कुमार

KK Sagar
3 Min Read

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य में डेयरी उद्योग को सशक्त बनाने को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर बताया कि सात निश्चय-3 के तीसरे निश्चय ‘कृषि में प्रगति–प्रदेश में समृद्धि’ के तहत राज्य के प्रत्येक गांव में दुग्ध उत्पादन समिति के गठन का निर्णय लिया गया है, ताकि पशुपालकों को दूध का उचित मूल्य मिल सके।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य के कुल 39,073 गांवों में से अब तक 25,593 गांवों में दुग्ध उत्पादन समितियों का गठन किया जा चुका है। शेष सभी गांवों में अगले दो वर्षों के भीतर समितियों के गठन का निर्देश पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग को दिया गया है। इससे पशुपालकों की आमदनी बढ़ेगी और राज्य में दूध की उपलब्धता में भी वृद्धि होगी।

पंचायत स्तर तक पहुंचेगा सुधा दुग्ध बिक्री केंद्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि सात निश्चय-2 के तहत राज्य के सभी प्रखंडों में सुधा दुग्ध बिक्री केंद्र पहले ही स्थापित किए जा चुके हैं। अब सात निश्चय-3 के अंतर्गत राज्य की सभी पंचायतों में भी सुधा दुग्ध बिक्री केंद्र खोलने का निर्णय लिया गया है।

वर्तमान में राज्य की 8053 पंचायतों में से 100 पंचायतों में सुधा दुग्ध बिक्री केंद्र स्थापित हो चुके हैं। शेष 7953 पंचायतों में वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंत तक बिक्री केंद्र खोलने का निर्देश दिया गया है।

जीविका दीदियों को मिलेगा प्राथमिकता

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बताया कि पंचायतों में खुलने वाले नए सुधा दुग्ध बिक्री केंद्रों को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत जीविका दीदियों को प्राथमिकता के आधार पर आवंटित किया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में महिला उद्यमिता को मजबूती मिलेगी और महिलाओं को स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती

सीएम ने कहा कि राज्य में डेयरी व्यवसाय के विस्तार से ग्रामीण इलाकों में स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, लोगों की आमदनी में इजाफा होगा और दूध एवं दुग्ध उत्पादों की उपलब्धता सुनिश्चित होगी। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था सशक्त होगी और राज्यवासियों के जीवन में समृद्धि आएगी।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....