देवघर : विश्वप्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर प्रांगण में शुक्रवार, 09 जनवरी 2026 को मंदिर प्रशासन की निगरानी में कुल 18 दानपात्र खोले गए। दानपात्रों की गिनती के बाद मंदिर को कुल ₹15,53,215 की आय प्राप्त हुई।


इस संबंध में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि दानपात्रों से भारतीय मुद्रा के अलावा नेपाली मुद्रा ₹1,525, एक अमेरिकी डॉलर तथा 10 दिरहम भी प्राप्त हुए हैं।
उपायुक्त ने बताया कि दानपात्रों को पूरी तरह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच खोला गया। दानपात्रों से प्राप्त समस्त राशि को गिनती के लिए मंदिर प्रशासनिक भवन में सुरक्षित रखा गया, जहां नियमानुसार प्रक्रिया पूरी की गई।
मंदिर प्रशासन के अनुसार श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास का यह प्रत्यक्ष प्रमाण है कि देश-विदेश से आने वाले भक्त बाबा बैद्यनाथ के चरणों में बढ़-चढ़कर दान अर्पित कर रहे हैं।

