डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: आम जनता की समस्याओं के त्वरित निष्पादन को लेकर समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में ‘जन शिकायत निवारण दिवस’ का आयोजन किया गया। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने जिले के विभिन्न प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों से सीधी मुलाकात की और उनकी शिकायतों व सुझावों को गंभीरता से सुना।
इन मुख्य समस्याओं पर आए आवेदन
जनता दरबार के दौरान नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा, जिनमें मुख्य रूप से यह मामले शामिल रहे।
भूमि संबंधी: भू-विवाद, अवैध कब्जा और जमीन दाखिल-खारिज (Mutation) के मामले।
राशन व आपूर्ति: नए राशन कार्ड बनवाने और आपूर्ति से जुड़ी शिकायतें।
प्रशासनिक: दुकान आवंटन, बच्चों का स्कूलों में नामांकन और सुरक्षा से जुड़ी धमकियों के मामले।
अन्य: जनहित से जुड़ी विभिन्न बुनियादी सुविधाओं की मांग।
ऑन द स्पॉट समाधान और सख्त निर्देश
उपायुक्त ने संवेदनशीलता दिखाते हुए कई आवेदनों का ऑन द स्पॉट समाधान किया। अन्य शिकायतों के लिए उन्होंने संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिए। सभी प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों को अग्रसारित करते हुए नियमनुसार तय समय सीमा के भीतर निष्पादन करने को कहा गया।पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि जन शिकायत निवारण दिवस के मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उपायुक्त ने बताया कि विभागीय समीक्षा बैठकों के दौरान इन शिकायतों की प्रगति की भी नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि किसी भी स्तर पर देरी न हो।

