डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : नागरिकों को अब अपनी समस्याओं के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे! उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देश पर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की शिकायतों और समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक सप्ताह प्रखंड व अंचल स्तर पर जन शिकायत निवारण दिवस का आयोजन किया जाएगा। इस पहल के तहत संबंधित प्रखंड व अंचल में पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे और नागरिकों की शिकायतें सुनकर उनका त्वरित निपटान सुनिश्चित करेंगे। इससे न केवल शिकायतों के समाधान में तेज़ी आएगी, बल्कि लोगों को भी जिला मुख्यालय आने की ज़रूरत नहीं पड़ेगी।
जानें आपके प्रखंड में किस दिन लगेगा जन शिकायत निवारण दिवस:
बुधवार: बोडाम, मुसाबनी, डुमरिया, धालभूमगढ़
गुरुवार: घाटशिला, बहरागोड़ा
शुक्रवार: पोटका, गुड़ाबांदा, जमशेदपुर
सोमवार: पटमदा
मंगलवार: चाकुलिया
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने संबंधित प्रखंड कार्यालय में निर्धारित दिवस पर पहुंचकर अपनी समस्याओं और शिकायतों को दर्ज कराएं, ताकि समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। यह कदम ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक सेवाओं को और अधिक सुलभ बनाएगा।